

IMD Weather Mumbai Rain Red Alert: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मॉनसून ने 13 दिनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दस्तक दे दी है, लेकिन यह आगमन अपने साथ भारी आफत लेकर आया है। पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी के जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के निचले इलाकों में जलजमाव होने से सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आ रही हैं, वहीं मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की रफ्तार पर भी बुरा असर पड़ा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जैसे जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। रत्नागिरी और अन्य तटीय इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब अरब सागर के बाकी हिस्सों और महाराष्ट्र के अन्य इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है। भारी जलजमाव के कारण ट्रांस हार्बर रेल लाइन पर ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा, जिससे ऑफिस जाने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के महत्वपूर्ण इलाकों जैसे दादर, बांद्रा, अंधेरी और गिरगांव में सड़कों पर पानी भर जाने से ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है। अंधेरी सबवे और मलाड जैसे निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने के कारण अंडरपास को यातायात के लिए बंद करना पड़ा है, जहां BMC ने सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है।
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में कल सुबह 8.00 बजे से आज सुबह 7.00 बजे के बीच पिछले 24 घंटों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कल्याण, डोंबिवली और करजत जैसे इलाकों में भी पिछले 20 घंटों से लगातार बरसात हो रही है, जिससे वहां की नदियां और नाले उफान पर हैं। सायन हाईवे के पास एवरार्ड नगर सबवे में भारी जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, जलजमाव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए भारी क्षमता वाले पंपों का उपयोग किया जा रहा है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में बाधा आ रही है। सायन और गांधी मार्केट जैसे इलाकों में पानी निकालने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने नागरिकों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।