मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे जाम (सौजन्य-एजेंसी)
Mumbai Pune Expressway Gas Leak: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर पलटने के बाद 30 घंटे तक यातायात बाधित रहा जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए और दोनों मार्गों पर भारी जाम लग गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दुर्घटना स्थल के पास रात भर वाहन फंसे रहे और इस यातायात संकट के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आधी रात के आसपास यातायात बहाल होने की उम्मीद है। एक्सप्रेसवे नियंत्रण कक्ष के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे व्यस्त राजमार्ग पर ज्वलनशील प्रोपलीन गैस ले जा रहा गैस टैंकर पलट गया।
टैंकर से ज्वलनशील प्रोपलीन गैस का रिसाव जारी रहने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की टीम को तैनात किया गया है और अधिकारियों ने बताया कि अभियान देर शाम तक जारी रहने की संभावना है जिसके बाद ही सामान्य यातायात बहाल हो पाएगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों ने एक और टैंकर मंगवाया है और पलटे हुए वाहन से गैस को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में दो घंटे से अधिक समय लगेगा। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर पुणे-मुंबई लेन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और यातायात को दोनों शहरों के बीच पुराने राजमार्ग की ओर मोड़ दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि 15 से 20 मिनट के अंतराल पर यातायात अवरुद्ध करने के बाद एक्सप्रेसवे के पुणे लेन से मुंबई की ओर वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी गई, जिससे यातायात बाधित होने की समस्या में कमी आई है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के एक बयान में कहा गया है कि वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया था, जिसके कारण एक्सप्रेसवे की मुंबई और पुणे दोनों ओर जाने वाली लेन पर यातायात बाधित हो गया।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह लेन का चौड़ा टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास हुई जब तेज गति से जा रहा टैंकर ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने के कारण वाहन चालकों में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें – दिल्ली दौरा छोड़ बारामती पहुंचे शरद पवार; अदाणी के साथ 45 मिनट की मीटिंग से गहराया सस्पेंस, सियासी हलचल तेज
एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर यातायात बाधित होने के कारण, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की मुंबई-पुणे शिवनेरी सहित लगभग 165 बसें विभिन्न स्थानों पर फंस गईं। एमएसआरटीसी के एक चालक ने बताया कि उसकी बस अदोशी सुरंग के पास नौ घंटे तक यातायात बाधित होने से फंसी रही और आखिरकार मंगलवार तथा बुधवार की दरमियानी रात तीन बजे नवी मुंबई के पनवेल पहुंची।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर व्यास कर्ण नामक व्यक्ति ने लिखा, ”लोग फंसे हुए हैं और बेसब्री से मदद का इंतजार कर रहे हैं। कृपया कुछ करें।” कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की।
कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को ”पार्किंग स्थल” बताया और दूसरों को सलाह दी कि जब तक आवश्यक नहीं हो, यात्रा करने से बचें। प्रणव नामक एक ‘एक्स’ उपयोगकर्ता ने एक पोस्ट में कहा, ”मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे इस समय पूरी तरह से जाम है। लोनावला और खंडाला के पास एक ट्रक पलटने के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। अगर यात्रा करना बेहद जरूरी नहीं हो, तो यात्रा नहीं करें।”
(एजेंसी इनपुट के साथ)