बोर घाट में तेज रफ्तार का कहर, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे में 6 वाहन टकराए

Bor Ghat Container Crash News: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बोर घाट के पास कंटेनर बेकाबू होने से बड़ा हादसा हुआ। इसमें 3 लोगों की मौत और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
mumbai-pune-expressway-accident-container-crash-bor-ghat
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on
Updated on

Mumbai Pune Expressway Accident: बुधवार सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादसा हो गया। बोर घाट में खोपोली एग्जिट के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर बेकाबू हो गया, जिससे पांच कारें आपस में टकरा गई।

इस एक्सीडेंट में एक बड़ा कंटेनर सीधे एक कार पर पलट गया, जिससे 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:40 बजे, पुणे से मुंबई की ओर जा रहा एक कंटेनर खोपोली टनल से निकल रहा था।

उसी समय ड्राइवर अवधेश यादव का गाड़ी से कंट्रोल खो गया और कंटेनर गाड़ियों से टकराने लगा। कंटेनर ने पहले एक कार, फिर दूसरी कार और एक आयशर टेम्पो को टक्कर मारी। स्पीड इतनी ज्यादा थी कि कंटेनर सामने एक एसयूवी से टकराया और सीधे उस कार पर गिर गया।

इस भयानक टक्कर में आगे चल रहे एक ट्रक ड्राइवर को भी टक्कर लगी। इस तरह, हाईवे पर कुल 6 गाड़ियां दुर्घटना का शिकार हुई। बताया गया कि जब कंटेनर कार पर गिरा तो कार कागज की शीट से ढक गई थी।

हादसे में श्रीकांत अनंत जाधव (63, पुणे), अंबादास दामू पेटारे और प्रमोद संतोष पवार की मौके पर ही मौत हो गई। टाटा टिगोर में सवार स्वप्निल भुजबल, नवनाथ भुजबल, अक्षय गायकवाड़, भानुदास गायकवाड़ और कंटेनर ड्राइवर अवधेश यादव घायल हो गए हैं। जिनका इलाज खोपोली मनपा अस्पताल में चल रहा है।

क्रेन की मदद से हटाया गया कंटेनर, लग गया ट्रैफिक जाम

एक्सीडेंट की आवाज सुनते ही हाईवे पर भारी हंगामा मच गया। बोरघाट हाईवे पुलिस, खोपोली पुलिस, आईआरबी टीम, डेल्टा फोर्स और हेल्प फाउंडेशन के वॉलंटियर तुरंत मौके पर पहुंचे, क्रेन की मदद से इनोवा पर गिरे कंटेनर को हटाया गया और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया।

इस वजह से मुंबई की ओर जाने वाला ट्रैफिक कुछ देर के लिए रुक गया, पुलिस ने युद्ध स्तर पर काम करके सड़क साफ करवाई। खोपोली पुलिस स्टेशन में कंटेनर ड्राइवर अवधेश यादव के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का केस दर्ज किया गया है। बोरघाट में खड़ी ढलान और गाड़ियों की तेज रफ्तार की वजह से हो रहे हादसों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे यात्रियों में डर का माहौल है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com