मुंबई के पार्कों में नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर चिंता, होमगार्ड तैनाती की मांग

Mumbai Park Security News: कुर्ला के प्रमोद महाजन गार्डन में मारपीट व छेड़छाड़ की घटना के बाद मुंबई के सार्वजनिक पार्कों में नशाखोरी रोकने, होमगार्ड तैनाती और सीसीटीवी लगाने की मांग तेज हो गई है।
Kurla Pramod Mahajan Garden Incident
भाजपा नेता शुभ्रांशु दीक्षितसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • कुर्ला के प्रमोद महाजन गार्डन में युवक-युवती से कथित मारपीट और छेड़छाड़ के बाद सुरक्षा पर सवाल उठे।

  • भाजपा नेता शुभ्रांशु दीक्षित ने मुख्यमंत्री और मुंबई मनपा आयुक्त को पत्र लिखा।

  • सभी पार्कों में महाराष्ट्र होमगार्ड के प्रशिक्षित जवान तैनात करने की मांग की गई।

  • CCTV कैमरे लगाने और सुबह-शाम पुलिस गश्त बढ़ाने का सुझाव दिया गया।

Kurla Pramod Mahajan Garden Incident: मुंबई कुर्ला पश्चिम स्थित फीनिक्स मॉल के पास प्रमोद महाजन गार्डन में युवक और युवती के साथ हुई मारपीट और छेड़छाड़ की घटना के बाद मुंबई के सार्वजनिक उद्यानों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।

शहर के पार्कों और मैदानों में नशाखोरी, शराबखोरी और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर नागरिकों की चिंताएं बढ़ रही हैं। इस बीच भाजपा उत्तर मध्य मुंबई जिला के महामंत्री शुभ्रांशु दीक्षित ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई मनपा आयुक्त से शहर के सभी सार्वजनिक उद्यानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में दीक्षित ने कहा है कि मुंबई के कई सार्वजनिक उद्यानों में सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों का खुलेआम सेवन किया जाता है। नशा करने वाले लोग वहां सिगरेट के टुकड़े, शराब की बोतलें और कचरा छोड़ देते हैं। इससे पार्कों का वातावरण खराब होने के साथ ही बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Kurla Pramod Mahajan Garden Incident
संजय शिरसाट के राम नाम सत्य वाले बयान पर भड़की महाराष्ट्र की सियासत, संजय राउत ने लिए इन तीन विधायकों के नाम

सुरक्षाकर्मी ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम

उन्होंने आरोप लगाया कि निजी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से तैनात सुरक्षाकर्मी ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। कई बार संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी स्थानीय पुलिस को देने में भी लापरवाही बरती जाती है। ऐसे में पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करना जरूरी है।

प्रमोद महाजन गार्डन में हाल ही में युवक और युवती के साथ हुई कथित मारपीट और छेड़छाड़ की घटना ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है। घटना के बाद बीएमसी ने संबंधित उद्यान के रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी अपने हाथ में ली तथा ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। हालांकि, दीक्षित का मानना है कि केवल जुर्माना लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।

Kurla Pramod Mahajan Garden Incident
नेरल रेलवे स्टेशन को मिला IGBC गोल्ड रेटिंग सम्मान, 80 करोड़ के प्रोजेक्ट में लगीं सोलर और स्मार्ट सुविधाएं

सुरक्षा व्यवस्था पर जवाबदेही तय करने की मांग

दीक्षित ने मांग की है कि मुंबई के सभी सार्वजनिक उद्यानों और मैदानों में निजी सुरक्षा एजेंसियों के बजाय महाराष्ट्र होमगार्ड के प्रशिक्षित जवानों को पूर्णकालिक आधार पर तैनात किया जाए। पार्क खुलने से लेकर बंद होने तक शिफ्ट के अनुसार उनकी ड्यूटी निर्धारित होनी चाहिए। इसके अलावा सभी उद्यानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुबह और शाम पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

इस घटना ने सवाल खड़ा किया है कि जब सार्वजनिक उद्यानों में नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की है, तो ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं। अब मांग उठ रही है कि मुंबई के सभी उद्यानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर ठोस और स्थायी उपाय किए जाएं।