

पवई पुलिस ने हिरानंदानी इलाके से अवैध डीजल तस्करी का पर्दाफाश किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी डीजल जब्त किया।
आरोपियों के पास से जब्त किए गए कुल सामान की कीमत 49 लाख है।
Mumbai Powai Diesel Black Marketing: मुंबई के पवई इलाके में डीजल की अवैध खरीद-बिक्री और कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पवई पुलिस ने हिरानंदानी स्थित मौजे कोपरी इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से डीजल का भंडारण और बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से करीब 4,500 लीटर डीजल, चार वाहन, लोहे के ड्रम और डीजल भरने-निकालने वाला इलेक्ट्रिक पंप जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 49 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है।
पवई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिरानंदानी के कोपरी इलाके में वाहन पार्किंग के लिए आरक्षित स्थान पर अवैध रूप से डीजल जमा किया जा रहा है। यहां से डीजल की खरीद-बिक्री का कारोबार भी संचालित किया जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अपारोज अब्दुल बारी खान (30), मोहम्मद मोइन नसीम खान (43) और सैबाज इलियास खान (22) के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि तीनों बिना किसी वैध परमिट या अधिकृत अनुमति के डीजल का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 4,500 लीटर डीजल, लोहे के ड्रम, महिंद्रा पिकअप ट्रक, महिंद्रा पिकअप वाहन, टाटा इंट्रा पिकअप वाहन और एक इलेक्ट्रिक पंप सहित कुल 49.62 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। वाहनों का इस्तेमाल डीजल के परिवहन और अवैध कारोबार में किए जाने की आशंका है।
इस मामले में पवई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 287, 303(2) और 3(5), आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) आदेश, 2005 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को इतनी बड़ी मात्रा में डीजल कहां से मिल रहा था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था। साथ ही डीजल की आपूर्ति करने वालों और इसे खरीदने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पवई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश पाटील और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की। मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक गणेश पाटील कर रहे हैं।