

छठ पूजा विवाद के बीच कल्याण में MNS ने लगाए बैनर
मनसे विद्यार्थी सेना के कल्याण शहर अध्यक्ष अंकुश राजपूत ने लगाए बैनर
महाराष्ट्र में मराठी भाषा और मराठी लोगों को सबसे पहली प्राथमिकता का जिक्र
MNVS Marathi Language Priority Banner: महाराष्ट्र में छठ पूजा के आयोजन को लेकर चल रही बयानबाजी के बीच, राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की स्टुडेंट विंग महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (MNVS) द्वारा कल्याण शहर में लगाए गए बैनर इस समय राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बन गए हैं। इन बैनरों में कड़े शब्दों में यह संदेश दिया गया है कि महाराष्ट्र की धरती पर मराठी भाषा और मराठी मानुष (लोगों) को ही सबसे पहली प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
ठाणे जिले के कल्याण शहर में ये विवादित बैनर महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के कल्याण शहर अध्यक्ष अंकुश राजपूत की ओर से लगवाए गए हैं। इन पोस्टरों और बैनरों के जरिए पार्टी का रुख बेहद स्पष्ट किया गया है, जिसमें मराठी में लिखा गया है कि महाराष्ट्रा मध्ये पहिला मान मराठी भाषेचा असेल मराठी माणसांचा अचेल बकीचे नंतर...! यानी महाराष्ट्र में मराठी भाषा और मराठी लोगों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी; बाकी सब इसके बाद"
पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में खासकर मुंबई में छठ पूजा के सार्वजनिक आयोजनों, सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय अस्मिता को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
राज ठाकरे ने छठ पूजा के आयोजनों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि बीजेपी और उससे जुड़े सोशल मीडिया समूह छठ पूजा को सांस्कृतिक अतिक्रमण के रूप में पेश कर रहे हैं।
राज ठाकरे ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर ऐसी रील्स शेयर की जा रही हैं, जिनके जरिए लोगों के बीच तनाव पैदा हो। राज ने मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने का भी विरोध किया। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इन गानों को बंद करवाया।
ऐसे संवेदनशील और गर्माए हुए माहौल के बीच महाराष्ट्र निवनिर्माण विद्यार्थी सेना (MNVS) के इन बैनरों के सामने आने से कल्याण के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में हलचल तेज हो गई है। मराठी भाषा, संस्कृति और स्थानीय लोगों के अधिकारों को प्राथमिकता देने के इस आक्रामक रुख पर जनता और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना जताई जा रही है।