

Mumbai Port Crane Fire During Cargo Loading: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार शाम मुंबई पोर्ट स्थित बीपीएस पोर्ट पर बड़ा हादसा हो गया। करीब 140 मीट्रिक टन वजन का कार्गो उतारने के दौरान एक क्रेन में आग लग गई।
हादसे में बरकत कंपनी के दो क्रेन ऑपरेटर घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शाम करीब 7.30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बारबाडोस के झंडे वाले 'व्हिएंना' नामक जहाज से बरकत कंपनी की दो क्रेनों की मदद से भारी कार्गो उतारा जा रहा था। इसी दौरान कार्गो को बांधने वाला पट्टा असंतुलित होकर एक क्रेन से निकल गया। इसके बाद कार्गो का पूरा भार दूसरी क्रेन पर आ गया और स्थिति अचानक बिगड़ गई।
कार्गो का भार अचानक दूसरी क्रेन पर आने के कारण क्रेन का एक हिस्सा जमीन से ऊपर उठ गया। इसके बाद उसका आगे का टेलीस्कोपिक बूम जहाज से टकरा गया। टक्कर के दौरान हुए घर्षण के कारण क्रेन में आग लग गई। आग लगते ही पोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पोर्ट के अग्निशमन दल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।
इससे पोर्ट परिसर में किसी बड़े नुकसान की आशंका टल गई। हादसे में घायल हुए दोनों क्रेन ऑपरेटरों की पहचान रणजीत सिंह और निशांत सिंह के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
क्रेन, कार्गो बांधने वाले पट्टे और जहाज से संबंधित तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा सकती है। फिलहाल दोनों घायल ऑपरेटरों का सेंट जॉर्ज अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुंबई पोर्ट एक महत्वपूर्ण कमर्शियल हब है, जहां बड़ी मात्रा में कंटेनर और अन्य भारी सामान जहाजों से उतारकर महाराष्ट्र सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जाता है।
ऐसे में भारी कार्गो की लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।