Mumbai Police Misbehavior Couple (फोटो क्रेडिट-X)
Mumbai Police Misbehavior Couple: मुंबई की सड़कों पर व्लॉगिंग (Vlogging) करना एक कपल को उस वक्त भारी पड़ गया, जब पुलिस के साथ उनकी बहस एक बड़े विवाद में बदल गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने ‘पब्लिक प्लेस’ पर शूटिंग और पुलिस के व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है। इस घटना में कपल ने पुलिस पर न केवल बदसलूकी करने, बल्कि उनका महंगा गोप्रो (GoPro) कैमरा तोड़ने और मर्यादा लांघने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह हाई वोल्टेज ड्रामा मुंबई की एक सड़क और फिर पास की पुलिस चौकी के अंदर घटित हुआ, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल क्लिप की शुरुआत में देखा जा सकता है कि एक लड़का और लड़की वर्सोवा बीच सड़क किनारे कैमरे के सामने अपनी व्लॉगिंग कर रहे होते हैं। इसी बीच पास की पुलिस चौकी से एक पुलिसकर्मी उन्हें आवाज देता है और कथित तौर पर टोकते हुए कहता है कि मुंबई में इस तरह कैमरा इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है। जब कपल ने इसका विरोध किया और कहा कि वे केवल वीडियो बना रहे हैं, तो बहस बढ़ गई। लड़की ने यह भी कहा कि अगर गोप्रो मना है तो वे फोन से शूट कर लेंगे, लेकिन पुलिसकर्मी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे।
ये भी पढ़ें- नागपुर पेपर लीक: प्रिंसिपल और टीचर गिरफ्तार; अब ‘रनर’ की लाइव लोकेशन ट्रैक करेगा बोर्ड
विवाद का दूसरा हिस्सा पुलिस चौकी के अंदर का है, जिसे कपल ने अपने फोन से रिकॉर्ड किया है। वीडियो में लड़का चिल्लाते हुए आरोप लगा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने उनका कीमती गोप्रो कैमरा छीनकर तोड़ दिया है। सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया कि वहां किसी महिला कांस्टेबल की मौजूदगी न होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने लड़की के साथ बदसलूकी की और उसे हाथ लगाया। वीडियो में पुलिसकर्मी शांति से बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि कपल काफी आक्रोश में अपनी आपबीती कैमरे पर रिकॉर्ड कर रहा है।
वीडियो के वायरल होते ही नेटिजन्स ने मुंबई पुलिस को निशाने पर ले लिया है। लाखों बार देखे जा चुके इस वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं काफी तीखी हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, “इनका जोर केवल शरीफ और आम आदमी पर चलता है।” वहीं एक अन्य यूजर ने गुस्से में लिखा, “अब क्या वर्दी वाले गुंडे तय करेंगे कि हम सड़क पर कैमरा निकाल सकते हैं या नहीं?” हालांकि, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में शूटिंग मना होती है, लेकिन कैमरा तोड़ना और महिला से बदसलूकी करना किसी भी हाल में जायज नहीं है।