

Bandra Goregaon Elevated Road: मुंबईकरों को रोजमर्रा के भीषण ट्रैफिक जाम से स्थायी मुक्ति दिलाने और सफर का समय घटाने के लिए बीएमसी और एमएसआरडीसी ने एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम तेज कर दिया है। बांद्रा से गोरेगांव बांगुर नगर के सफर को सुगम बनाने के लिए समुद्री सेतु और एलिवेटेड मार्गों का मजबूत नेटवर्क का जाल बिछाया जाएगा।
वर्ष 2028 के अंत तक इन दोनों अहम परियोजनाओं के पूरा होते ही साल 2029 से पश्चिम उपनगर का सफर बेहद तेज और आरामदायक हो जाएगा। साथ ही बांद्रा से गोरेगांव के बीच की दूरी महज 15 मिनट में पूरी की जा सकेगी। उत्तरी मुंबई तटीय सड़क परियोजना के तहत बीएमसी वर्सोवा से दहिसर-भायंदर के बीच कोस्टल रोड बना रही है।
वर्सोवा इंटरचेंज से गोरेगांव बांगुर नगर तक 4.54 किलोमीटर लंबा आठ लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है। 45 मीटर चौड़े इस पुल के लिए पिलर सखड़े करने का काम तेजी से चल रहा है। हाल ही में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने मौके का मुआयना कर काम को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इस एलिवेटेड रोड को एमएसआरडीसी के 17 किलोमीटर लंबे बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक से सीधे जोड़ा जाएगा, जो आगे बांद्रा-वर्ली सी लिक से जुड़ेगा। प्रोजेक्ट को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लिक रोड और एसवी रोड के भारी जाम के कारण वर्सोवा से गोरेगांव जाने में 40 से 50 मिनट का समय बर्बाद होता है।