मुंबई के पायधुनी रेप केस पर भड़के अमीन पटेल, बोले- ऐसे दरिंदों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं

Amin Patel Statement: पायधुनी रेप मामले पर कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने आरोपी को कड़ी सजा दिलाने और केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है।
mumbai paydhoni rape case mla amin patel demands fast track court
कांग्रेस विधायक अमीन पटेल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Paydhoni Rape Case MLA Amin Patel Demands Fast Track Court: मुंबई के पायधुनी इलाके स्थित एक सोसायटी में सुरक्षा गार्ड द्वारा आठ वर्षीय नाबालिग से बलात्कार करने के मामले पर कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कहा कि यह बेहद अफसोस की बात है कि आज भी ऐसे दरिंदे मौजूद हैं। ऐसे अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर एक गोदाम के ऊपर बने केबिन में ले जाकर इस घिनौनी घटना को अंजाम दिया। वहां मौजूद लोगों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। ऐसे अपराधियों को समाज में रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा, मैंने सरकार को पत्र लिखा है कि इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। इसमें अच्छे सरकारी वकील की नियुक्ति होनी चाहिए, ताकि इस दरिंदे को जल्द से जल्द सजा मिल सके। उन्होंने बताया कि वह घटना स्थल पर गए थे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।

आरोपी को जल्द से जल्द मिले सजा

अमीन पटेल ने बताया कि पीड़ित बच्ची को आगे के इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने अस्पताल प्रशासन से कहा कि बच्ची को बेहतर इलाज के लिए जहां आवश्यक हो वहां भेजा जाए। इसके बाद बच्ची को जेजे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने बच्ची की मां से भी मुलाकात की। पुलिस और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ हैं और आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अमीन पटेल ने कहा, चंदा और दान आस्था के साथ दिया जाता है। चाहे मंदिर हो, मस्जिद हो, चर्च हो या गुरुद्वारा, लोग श्रद्धा से दान देते हैं। उस धन का उपयोग अच्छे कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति की जेब में जाने के लिए। जो भी लोग इस मामले में शामिल हैं और जिनके खिलाफ सबूत सामने आए हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

मुझे नहीं लगता कि नितेश राणे राम भक्त हैं: अमीन पटेल

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे द्वारा विपक्ष को औरंगजेब का वंशज बताए जाने पर अमीन पटेल ने कहा, मुझे नहीं लगता कि नितेश राणे राम भक्त हैं। अगर वह वास्तव में राम भक्त होते और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के बताए रास्ते पर चलते, तो इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते। चंदे में भ्रष्टाचार और चोरी का समर्थन करने वाला व्यक्ति कभी राम भक्त नहीं हो सकता। भगवान के घर में चोरी को सही ठहराना आस्था के खिलाफ है।

वहीं, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी की किताब में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा चुनाव आयोग की स्वतंत्रता का समर्थन किए जाने के उल्लेख पर अमीन पटेल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चुनाव आयोग की स्वतंत्रता बेहद जरूरी है, लेकिन आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं और लोगों का भरोसा धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।

भाजपा के आरोपों पर पलटवार

वायनाड भूस्खलन को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की अनुपस्थिति पर भाजपा के आरोपों पर अमीन पटेल ने कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश के कारण कई लोगों की जान गई है और लोग परेशान हैं। सरकार इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है। राहुल गांधी ने घटना के बाद ही लोगों के साथ खड़े होने का संदेश दिया था और केरल सरकार राहत कार्यों में पूरी तरह लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार और पार्टी कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ खड़े हैं।

रामदेव के बयान कि सभी धर्मों के पूर्वज एक ही हैं और लोगों को अपनी परंपराओं को याद रखना चाहिए, इस पर अमीन पटेल ने कहा कि भारत की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से है। भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है, जहां अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोग साथ मिलकर रहते आए हैं। भारत को बांटा नहीं जा सकता। यह अखंड भारत है और इसकी परंपरा यही है कि हर धर्म के लोग मिल-जुलकर रहें। दीपावली पर मुस्लिम भाई हिंदू परिवारों के घर जाते हैं और ईद पर हिंदू भाई मुस्लिम परिवारों के घर जाते हैं। यही गंगा-जमुनी तहजीब और लोकतंत्र की असली पहचान है।

Navbharat Live
navbharatlive.com