चालान से नाराज होकर विधान भवन के बाहर पेड़ पर चढ़ा शख्स, मनाने में पुलिस के छूटे पसीने

Mumbai News: मुंबई विधानभवन के पास ट्रैफिक चालान से नाराज़ व्यक्ति पेड़ पर चढ़कर नारेबाजी करने लगा। दो घंटे बाद पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा। व्यक्ति शराब के नशे में था।
Vidhan Bhawan
विधान भवन
Published on: 
Updated on: 

Mumbai News: मंत्रालय एवं विधान भवन में शनिवार को कामकाज बंद होने की वजह से चैन की सांस ले रहे पुलिसकर्मियों के होश एक शख्स के अनोखे आंदोलन के कारण उड़ गए. ट्रैफिक पुलिस के चालान से नाराज होकर उक्त शख्स मुंबई स्थित विधानभवन के पास एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया और विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी करने लगा. वह बार-बार कह रहा था कि वह ऊपर से कूदकर जान दे देगा. उसे बचाने के लिए पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम भी पेड़ के पास पहुंच गई. तो वहीं तमाशबीनों की भीड़ भी जमा हो गई.

शनिवार सुबह विधान भवन के बाहर अचानक हंगामा शुरू हो गया. क्योंकि एक शख्स एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ कर नारेबाजी कर रहा था. पुलिस और दमकलकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन वह बार-बार ऊपर से कूद कर आत्महत्या की धमकी दे रहा था. उसने लगभग दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया.

अंतत: कफ परेड पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों ने पेड़ पर चढ़कर उसे समझाया और नीचे उतरने के लिए मनाया. पुलिस का दावा है कि उसने शराब पी रखी थी और नशे में अनर्गल बातें कर रहा था. सूत्रों का दावा है कि विरोध प्रदर्शन की वास्तविक वजह का पता उसके होश में आने के बाद पता चल सकता है.

पहले भी हुई थी घटना

इससे पहले मुंबई के भी विधान भवन के सामने एक व्यक्ति ने पेड़ पर चढ़कर हाथ में तिरंगा लहराते हुए नाटकीय ढंग से विरोध प्रदर्शन किया. यह घटना 25 फरवरी 2025 को हुई थी. अधिकारियों के अनुरोध के बावजूद, उसने पेड़ से नीचे उतरने से इनकार कर दिया था बाद में कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस उसे मनाने और नीचे उतारने में सफल हुई थी.