मुंबई लोकल ट्रेन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Local Train Update: अगर आप इस वीकेंड पश्चिम रेलवे (Western Railway) पर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मुंबई के कांदिवली और बोरीवली स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज संख्या 61 के री-गर्डरिंग (Re-girdering) कार्य के चलते एक बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। यह ब्लॉक शनिवार, 28 मार्च की रात से शुरू होकर रविवार, 29 मार्च की शाम तक जारी रहेगा।
मुंबई में कांदिवली और बोरीवली के बीच ब्रिज संख्या 61 के री-गर्डरिंग कार्य के चलते दोनों प्रमुख स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन स्लो लाइनों पर 28 मार्च को रात 8:30 बजे से 29 को शाम 7:30 बजे तक मेजर ब्लॉक होगा। इसके साथ 29 मार्च को डाउन फास्ट लाइन पर रात 1 बजे से सुबह 4:30 बजे तक जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक के अनुसार ब्लॉक के दौरान स्लो लाइन ब्लॉक के दौरान सभी स्लो लाइन की लोकल ट्रेनें गोरेगांव एवं बोरीवली के बीच फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी। वहीं, डाउन फास्ट लाइन पर ब्लॉक के दौरान प्लेटफॉर्म की अनुपलब्धता के कारण डाउन दिशा में ट्रेनें 5वीं लाइन पर परिचालित होंगी तथा ये ट्रेनें राम मंदिर, मालाड एवं कांदिवली स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।
ब्लॉक अवधि के दौरान बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 2 पर कोई भी ट्रेन परिचालित नहीं होगी। कुछ उपनगरीय सेवाएं निरस्त रहेंगी अथवा अंधेरी एवं गोरेगांव स्टेशनों पर आंशिक रूप से शॉर्ट-टर्मिनेट होंगी। प्रभावित ट्रेनों की विस्तृत सूची सभी उपनगरीय स्टेशनों के स्टेशन मास्टर कार्यालय में उपलब्ध रहेगी।
यह भी पढ़ें:- मुंबई में पाताल से निकलेगी सड़क! ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव टनल का काम शुरू, अब 40 मिनट का सफर सिर्फ 5 मिनट में
बताया गया कि सभी 15-डिब्बा स्लो सेवाएं अंधेरी एवं बोरीवली के बीच दोनों दिशाओं में फास्ट ट्रेन के रूप में परिचालित होंगी। इस ब्लॉक के लिए शनिवार रविवार का दिन निर्धारित किया गया है। ताकि छुट्टी का दिन होने से ज्यादा यात्री प्रभावित न हों।