

अंधेरी स्टेशन के पास चलती लोकल ट्रेन में 25 वर्षीय युवक ने खुद को ब्लेड से घायल किया।
यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी।
रेलवे पुलिस ने घायल को आपातकालीन चिकित्सा कक्ष पहुंचाया।
युवक ने पारिवारिक तनाव के चलते खुद को चोट पहुंचाने की बात बताई।
युवक नागपुर के कामठी का निवासी, जेजे अस्पताल में चल रहा है इलाज।
Andheri Railway Station News: मुंबई की चलती लोकल ट्रेन में सोमवार शाम एक 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। डिब्बे में मौजूद यात्रियों ने युवक की हालत देखकर तुरंत चेन पुलिंग की और ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम रेलवे की ट्रेन संख्या 92190 सोमवार शाम 6 बजकर 56 मिनट पर अंधेरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंची। इससे पहले यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी थी कि ट्रेन के एक डिब्बे में युवक ने खुद को जख्मी कर लिया है। यात्रियों की तत्परता के कारण ट्रेन को अंधेरी स्टेशन पर रोककर घायल को मदद पहुंचाई जा सकी।
सूचना मिलते ही महिला कांस्टेबल सरस्वती महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों के साथ ट्रेन में पहुंचीं और घायल यात्री की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद युवक को अंधेरी स्टेशन स्थित आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान स्टेशन प्रबंधक और अंधेरी रेलवे पुलिस के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान प्रफुल नेताजी झाडे के रूप में बताई। वह नागपुर जिले के कामठी का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहा है और मुंबई के जेजे अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
युवक के मुताबिक, परिवार में किसी बात को लेकर तनाव होने पर वह खुद को ब्लेड से घायल कर लेता है। हालांकि, घटनास्थल पर उसके पास से कोई ब्लेड बरामद नहीं हुआ।
इस घटना में सहयात्रियों की तत्परता महत्वपूर्ण साबित हुई। समय पर सूचना देने और चेन पुलिंग करने से घायल युवक को स्टेशन पर ही चिकित्सा सहायता मिल सकी। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।