

Pimpri Chinchwad Ganesh Visarjan Arrangements: अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (PCMC) ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नागरिकों की सुरक्षा और सुचारू विसर्जन व्यवस्था के लिए प्रमुख विसर्जन घाटों और स्थलों पर चिकित्सा दल, एंबुलेंस, दमकल जवान, लाइफगार्ड, आपदा मित्र, सर्पमित्र और प्राणीमित्र तैनात किए गए हैं।
मनपा आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त कुलदीप जंगम, तृप्ति सांडभोर और विक्रांत बगाडे के मार्गदर्शन में विभिन्न विभागों ने विसर्जन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मनपा के चिकित्सा विभाग ने विशेष टीमें तैयार की हैं। इन टीमों में डॉक्टर, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय शामिल हैं। प्रमुख विसर्जन स्थलों पर एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।
अग्निशमन विभाग के प्रशिक्षित जवानों को विशेष दमकल वाहनों के साथ संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। जलस्रोतों के आसपास लाइफगार्ड और आपदा मित्रों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए PCMC ने 41 कृत्रिम तालाब तैयार किए हैं। इनमें 'अ', 'ड' और 'फ' क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्थान शामिल हैं।
'अ' क्षेत्रीय कार्यालय के तहत स्पाइन रोड स्थित यमुनानगर, मोहननगर सांस्कृतिक भवन, सेक्टर 26 का गणेश तालाब और सेक्टर 27 स्थित नियोजित महापौर निवास मैदान में कृत्रिम हौद बनाए गए हैं।
इसके अलावा आकुर्डी, कालेभोरनगर और यमुनानगर में गणेश प्रतिमाओं के लिए संकलन केंद्र भी बनाए गए हैं।
पिंपरी-चिंचवड़ मनपा के आंकड़ों के मुताबिक 14 से 23 सितंबर के बीच 49,803 गणेश प्रतिमाओं का संकलन और विसर्जन किया जा चुका है। इनमें 10,170 पर्यावरण-अनुकूल प्रतिमाएं और 39,633 POP प्रतिमाएं शामिल हैं।
विसर्जन के साथ निर्माल्य संकलन पर भी मनपा ने जोर दिया है। अभियान के तहत 23 सितंबर तक 22,647 किलो निर्माल्य एकत्र किया जा चुका है।
PCMC ने नागरिकों से अपील की है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में करने के बजाय मनपा द्वारा बनाए गए कृत्रिम तालाबों में करें। इससे जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी।
पिंपरी-चिंचवड़ मनपा ने पूजा सामग्री और निर्माल्य को नदी या सड़क किनारे फेंकने के बजाय निर्धारित निर्माल्य संकलन कलश में डालने की अपील की है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विसर्जन के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और मनपा की व्यवस्था में सहयोग करने को कहा है।