यात्रीगण कृपया ध्यान दें! मुंबई लोकल की इन लाइनों पर होगा मेगा ब्लॉक

Mumbai Local Mega Block: रविवार को मुंबई लोकल की मेन और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक रहेगा, जिससे कई ट्रेनें डायवर्ट और रद्द होंगी तथा यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।
Mumbai Local Update
सेंट्रल रेलवे लाइन ब्लॉक (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Local Update:रविवार की छुट्टी के दिन घर से निकलकर लोकल से यात्रा करने वालों के लिए यह खबर महत्वपूर्ण है। मध्य रेल के मुंबई मंडल पर रविवार को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए लोकल लाइनों पर मेगा ब्लॉक लगाया जाएगा।

मेन लाइन

मुलुंड और ठाणे स्टेशनों के बीच अप और डाउन स्लो लाइन पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा।

सीएसएमटी से सुबह 10:04 बजे से दोपहर 3:09 बजे तक चलने वाली डाउन स्लो सेवाएं मुलुंड और ठाणे स्टेशनों के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट की जाएंगी और ठाणे स्टेशन पर पुनः डाउन स्लो लाइन पर लाई जाएंगी। इससे ये ट्रेनें अपने गंतव्य पर लगभग 10 मिनट देरी से पहुंचेंगी।

कल्याण से सुबह 10:36 बजे से दोपहर 3:24 बजे तक की अप स्लो ट्रेन सेवाएं ठाणे और मुलुंड स्टेशनों के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट की जाएंगी और मुलुंड स्टेशन पर पुनः अप स्लो लाइन पर लाई जाएंगी। इससे ये ट्रेनें भी अपने गंतव्य पर लगभग 10 मिनट देरी से पहुंचेंगी।

इसके अलावा, मुंबई के सीएसएमटी से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच चलने वाली अप और डाउन सभी स्लो ट्रेन सेवाएं अपने गंतव्य पर लगभग 10 मिनट देरी से पहुंचेंगी।

हार्बर लाइन

पनवेल और वाशी स्टेशनों के बीच हार्बर लाइन (पोर्ट लाइन को छोड़कर) पर सुबह 11:05 बजे से शाम 4:05 बजे तक ब्लॉक रहेगा।

पनवेल से सुबह 10:33 बजे से दोपहर 3:49 बजे तक सीएसएमटी की ओर जाने वाली हार्बर लाइन की अप सेवाएं तथा सीएसएमटी से सुबह 9:45 बजे से दोपहर 3:12 बजे तक बेलापुर/पनवेल की ओर जाने वाली डाउन सेवाएं रद्द रहेंगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर पनवेल से सुबह 11:02 बजे से दोपहर 3:53 बजे तक ठाणे की ओर जाने वाली अप सेवाएं और ठाणे से सुबह 10:01 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक पनवेल की ओर जाने वाली डाउन सेवाएं रद्द रहेंगी।

चलेगी विशेष लोकल

ब्लॉक अवधि के दौरान सीएसएमटी मुंबई-वाशी खंड पर विशेष लोकल ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी। वहीं ठाणे-वाशी/नेरुल स्टेशनों के बीच ट्रांस-हार्बर और पोर्ट लाइन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com