मुंबई में एक और हिट एंड रन: जोगेश्वरी में टैंकर चालक ने डिलीवरी बॉय को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
Mumbai Jogeshwari Hit and Run: मुंबई के जोगेश्वरी पश्चिम में तेज रफ्तार टैंकर ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर। आरोपी चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार। नशे में धुत होकर चला रहा था टैंकर।
- Written By: अनिल सिंह
जोगेश्वरी में डिलीवरी बॉय की सड़क हादसे में मौत (फोटो क्रेडिट-X)
Jogeshwari Hit and Run Case: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रफ्तार का कहर और हिट एंड रन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मुंबई के जोगेश्वरी पश्चिम इलाके में शनिवार (4 जुलाई 2026) की आधी रात को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने मोटरसाइकिल सवार फूड डिलीवरी बॉय को बेरहमी से कुचल दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोपहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए और युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी टैंकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद जागरूक नागरिकों ने फिल्मी स्टाइल में पीछा कर उसे दबोच लिया। यह पूरी घटना ओशिवारा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है।
परिवार का इकलौता सहारा था मृतक हर्ष
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना शनिवार तड़के करीब 1:20 बजे जोगेश्वरी पश्चिम के अमृत नगर स्थित अजीत ग्लास गार्डन गेट के पास हुई। मृतक डिलीवरी बॉय की पहचान ‘हर्ष’ के रूप में हुई है, जो देर रात तक जोमैटो/स्वीगी जैसे प्लेटफॉर्म के लिए फूड डिलीवरी का काम करता था।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई मैनहोल मौत मामला, ठेकेदार समेत 4 पर FIR, 3 मजदूर हिरासत में, मुख्य आरोपी अब भी फरार
महाराष्ट्र महिला आयोग में 11 महीने में 16,608 शिकायतें, मंत्री अदिति तटकरे ने विधान परिषद में पेश किए आंकड़े
उद्धव ठाकरे को नितेश राणे ने बताया पाकिस्तानी एजेंट, बोले- उद्धव अल हक होना चाहिए नाम
महाराष्ट्र में पिंक ई-रिक्शा योजना, पहले चरण में 5,000 महिलाओं को लाभ, लाइसेंस प्रक्रिया होगी आसान
हर्ष बेहद गरीब पृष्ठभूमि से आता था और रात-दिन मेहनत कर अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। हादसे के वक्त वह अपनी नियमित डिलीवरी के लिए जा रहा था, तभी काल बनकर आए तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही ओशिवारा पुलिस का दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा।
ये भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे ने खेला हिदुत्व का कार्ड! 5 जुलाई को दादर में करेंगे राम रक्षा विरोध प्रदर्शन, जानें पूरा प्लान
शराब के नशे में धुत था टैंकर चालक
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि टैंकर चालक पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था। अत्यधिक नशे के कारण उसने भारी वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे चल रहे हर्ष की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हर्ष को कुचलने के बाद चालक ने टैंकर को रोकने के बजाय उसकी गति और बढ़ा दी ताकि वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग सके।
हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने हिम्मत दिखाई और टैंकर का पीछा कर आरोपी को घेर लिया। भीड़ ने तुरंत ओशिवारा पुलिस को सूचित किया और आरोपी को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने हर्ष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया है।
ओशिवारा पुलिस ने दर्ज किया केस; टैंकर जब्त
ओशिवारा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैंकर चालक को आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटना में शामिल भारी टैंकर को भी जब्त कर लिया गया है। स्थानीय नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी चालक का सरकारी अस्पताल में अल्कोहल मेडिकल परीक्षण कराया है, जिससे यह साफ हो सके कि उसके खून में शराब की मात्रा कितनी थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं (गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके के डिलीवरी पार्टनर्स और आम जनता में भारी आक्रोश है।
