हाई टाइड और भारी बारिश, मुंबईकरों को 26 जुलाई की आई याद, बारिश के तांडव से मचा हाहाकार
Mumbai Heavy Rain Waterlogging Update: मुंबई में भारी बारिश और हाई टाइड के कारण जलभराव। अंधेरी सब-वे बंद, लोकल ट्रेनें लेट और IMD ने जारी किया रेड-ऑरेंज अलर्ट।
- Written By: अनिल सिंह
मुंबई-पुणे समेत 10 जिलों में 'ऑरेंज' अलर्ट (फोटो क्रेडिट-X)
Mumbai Heavy Rain 3 July 2026: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और उसके उपनगरों में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और समंदर में हाई टाइड (High Tide) के दोहरे संकट ने मुंबईकरों को 26 जुलाई के उस भयानक तांडव की याद दिला दी है।
भारी बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे सड़कों पर गाड़ियों के पहिए थम गए हैं और मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के लिए मुंबई में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मांडवी और मालाबार हिल में सबसे ज्यादा बारिश, अंधेरी सब-वे बंद
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 2 जुलाई सुबह 8 बजे से 3 जुलाई 2026 सुबह 6 बजे के बीच मुंबई शहर के मांडवी फायर स्टेशन में सबसे अधिक 150.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मालाबार हिल में 145.8 मिमी और बी वार्ड ऑफिस में 140.8 मिमी बारिश दर्ज हुई।
सम्बंधित ख़बरें
भंडारा में जमाकर्ताओं का प्रदर्शन, लक्ष्मी ग्रामीण पतसंस्था से जमा राशि लौटाने की मांग
गोसीखुर्द बांध से छोड़ा गया 160 क्यूमेक्स पानी, वैनगंगा नदी किनारे अलर्ट जारी
Nagpur Metro: कॉटन मार्केट स्टेशन का दूसरा एंट्री-एक्जिट और 120 मीटर लंबा स्काईवॉक शुरू, यात्रियों को राहत
महाराष्ट्र में सियासी हलचल: सचिन अहीर के बाद किरण सरनाईक भी देंगे शिंदे गुट को समर्थन; बच्चू कडू का बड़ा बयान
पश्चिमी उपनगर के अंधेरी इलाके में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले व्यस्त ‘अंधेरी सब-वे’ को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। साकीनाका इलाके में बुधवार को एक खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग असलम इसाक शेख की दर्दनाक मौत के बाद बीएमसी प्रशासन बैकफुट पर है और डेंजर स्पॉट्स पर कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें- मुझे भी मिला था शिंदे की पार्टी से ऑफर! उद्धव ठाकरे गुट के बड़े नेता का दावा, महाराष्ट्र में सियासी बवाल
बीएमसी के दावों की खुली पोल, सेंट्रल लाइन पर लगा भीषण ट्रैफिक जाम
हर साल की तरह इस बार भी कुछ ही घंटों की बारिश ने बीएमसी के मानसून पूर्व तैयारियों और जल-निकासी के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी है। मांडवी, मेमनवाड़ा, वर्सोवा और अंधेरी जैसे इलाकों में सड़कों पर समंदर जैसा नजारा दिख रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन मानसून में जलभराव की समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं होता।
इधर, मुंबई सेंट्रल लाइन और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के कई हिस्सों में जलभराव के कारण मील लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पालघर के लिए ‘रेड’ तो ठाणे, पुणे और रायगढ़ सहित 10 जिलों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए मौसम की कड़ी चेतावनी जारी की है। मुंबई के पड़ोसी जिले पालघर के लिए ‘रेड अलर्ट‘ घोषित किया गया है, जहां बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा है। वहीं मुंबई, ठाणे, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, अमरावती, अकोला, नागपुर, गोंदिया और चंद्रपुर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर नागरिकों से बेहद सतर्क रहने और जरूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की गई है। इसके अतिरिक्त सिंधुदुर्ग, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद), नासिक और अहमदनगर जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
