प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Goregaon Accident News: मायानगरी मुंबई के गोरेगांव इलाके से हिट एंड रन की एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एमजी रोड (गोरेगांव पश्चिम) पर एक तेज रफ्तार स्कूटर सवार ने सड़क पार कर रहे एक 76 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मानवता को शर्मसार करते हुए, स्कूटर चालक घायल की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की पहचान बाबूलाल चोपड़ा (76) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में अंधेरी स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बह जाने और सिर में गहरी चोट के कारण उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। परिवार के सदस्य इस घटना के बाद से सदमे में हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरेगांव पुलिस ने अज्ञात स्कूटर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम घटनास्थल के आसपास और एमजी रोड पर लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को कुछ संदिग्ध फुटेज मिले हैं, जिनसे आरोपी के वाहन नंबर और पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने और घायल को सड़क पर तड़पता छोड़ने वाले आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- ‘महिलाओं के साथ जो किया वो अनुष्ठान का हिस्सा’, अशोक खरात का SIT के सामने अजीबोगरीब दावा, कहा- मैंने जिनका…
मुंबई जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पिछले कुछ समय में हिट एंड रन की घटनाओं में इजाफा हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गोरेगांव की अंदरूनी सड़कों पर भी दोपहिया वाहन चालक बेतहाशा रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों, खासकर बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी या वीडियो है, तो वह तुरंत साझा करें।
बता दें कि दो दिन पहले ठाणे के कल्याण से भी एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक साइकिल सवार व्यवसायी की तेज रफ्तार कार जान ले ली थी। यह कार नाबालिग चला रहा था।