

Central Railway Special Trains: गणपति उत्सव और विसर्जन के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्य रेलवे ने विशेष रात्रिकालीन उपनगरीय ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। मध्य रेलवे मेन लाइन पर 23/24, 24/25 और 25/26 सितंबर की रात सीएसएमटी-मुंबई और कल्याण के बीच दोनों दिशाओं में 18 विशेष लोकल चलाएगा।
वहीं, गणपति विसर्जन के दिन 25/26 सितंबर की रात हार्बर लाइन पर सीएसएमटी-पनवेल के बीच 4 विशेष ट्रेनें संचालित होंगी।
मेन लाइन पर सीएसएमटी से कल्याण के लिए विशेष लोकल रात 1.40 बजे और 3.25 बजे रवाना होंगी, जबकि सीएसएमटी-ठाणे विशेष लोकल 2.30 बजे चलेगी। वापसी में कल्याण-सीएसएमटी लोकल रात 12.05 बजे, जबकि ठाणे-सीएसएमटी विशेष ट्रेनें 1 और 2 बजे रवाना होंगी।
हार्बर लाइन पर 25/26 सितंबर की रात सीएसएमटी-पनवेल विशेष लोकल 1.30 और 2.45 बजे रवाना होगी। वहीं पनवेल से सीएसएमटी के लिए विशेष ट्रेनें रात 1 और 1.45 बजे चलेंगी। रेलवे के अनुसार इन विशेष सेवाओं का ठहराव निर्धारित मार्ग के सभी स्टेशनों पर होगा।
गणपति विसर्जन के दौरान देर रात घर लौटने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मध्य रेलवे ने यात्रियों से विशेष ट्रेनों के समय की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील की है।