

एफडीए ने मुंबई के 10 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए।
जेजे अस्पताल की सेंट्रल कैंटीन और गोल्डन स्टार रेस्टोरेंट पर कार्रवाई।
जांच में गंदगी, कीट नियंत्रण और खाद्य भंडारण में खामियां मिलीं।
जलगांव, धुले और नासिक में ₹23.24 लाख से अधिक का प्रतिबंधित माल जब्त।
नंदुरबार में ₹69.47 लाख की संपत्ति जब्त, राज्यभर में 12 FIR दर्ज।
FDA Action Mumbai JJ Hospital: मुंबई शहर और उपनगरों सहित राज्य में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर अन्न व औषध प्रशासन (एफडीए) ने सख्त कार्रवाई की है। जेजे अस्पताल परिसर की सेंट्रल कैंटीन और गोल्डन स्टार रेस्टोरेंट समेत मुंबई के कुल 10 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
जांच के दौरान लाइसेंस संबंधी गड़बड़ियों, साफ-सफाई की भारी कमी, कीट नियंत्रण और खाद्य पदार्थों के गलत रखरखाव से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आई हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है, जब अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने का मुद्दा बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
एफडीए की 9 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें मुंबई शहर के जेजे अस्पताल की सेंट्रल कैंटीन के अलावा गोल्डन स्टार रेस्टोरेंट, अबरार माइकू खान की किराना दुकान, ला पिनोज पिज्जा, नारायण डोसा और नवाब जूस सेंटर शामिल हैं। इसके अलावा डेयरी, कैटरिंग सेवाओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी विभाग ने शिकंजा कसा है।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के पालन में भारी कमियां पाई गईं। इनमें जरूरी लाइसेंस या पंजीकरण का अभाव होना, लाइसेंस को उचित स्थान पर प्रदर्शित न करना, और कर्मचारियों के पास दस्ताने, सिर ढकने के कपड़े व एप्रन का न होना शामिल है। कुछ जगहों पर दीवारों, छतों और
फर्श की साफ-सफाई ठीक नहीं पाई गई। चूहे, तिलचट्टे और मक्खियों को रोकने के लिए कीट नियंत्रण के इंतजाम भी अपर्याप्त थे। इसके अलावा, कच्चे और पके भोजन को अलग रखने, उचित तापमान पर खाद्य पदार्थों के भंडारण और नियमित सफाई के रिकॉर्ड में भी गंभीर लापरवाही सामने आई है।
मुंबई एफडीए ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ भी आक्रामक अभियान चलाया है। 6 से 8 अक्टूबर के बीच जलगांव, धुले और नासिक में की गई कार्रवाई के दौरान 23.24 लाख रुपये से अधिक का प्रतिबंधित खाद्य भंडार जब्त किया गया।
नंदुरबार में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू ले जा रहे वाहन सहित करीब 69.47 लाख रुपये की संपति जब्त की गई। विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यभर में इस दौरान 12 प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई।