Mumbai News: तुकाराम मुंढे का चला चाबुक, मुंबई की तरफ बढ़ा मोर्चा; 6 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द

Mumbai Food Safety Action: मुंबई में FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर 6 प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए। ऑटर्स क्लब, जेप्टो और बेकरियों में कई गंभीर खामियां मिलीं।
mumbai fda action 6 food establishment licenses suspended
6 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड(सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Food License Suspended Mumbai: मुंबई में खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे का चाबुक लगातार चल रहा है। 17 अगस्त को की गई कार्रवाई में बांद्रा के ‘ऑटर्स क्लब’ में अनलॉग पनीर, जेप्टो और एक बेकरी में गंभीर गंदगी मिली। यहां चूहों के कुतरे तेल के पैकेट और एक्सपायर्ड रंगों से केक तैयार किए जाने जैसी चौंकाने वाली खामियां सामने आई हैं। इसी तरह अन्य प्रतिष्ठानों में भी गड़बड़ियां पाई गईं। इन गंभीर उल्लंघनों पर कार्रवाई करते हुए मुंबई के 6 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं।

मुंबईकरों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नामी क्लबों, ऑनलाइन डिलीवरी डार्क स्टोर्स और बेकरियों पर खाद्य व औषधि प्रशासन का हंटर चला है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत मुंबई के छह प्रमुख प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। साथ ही राज्यभर में 11 छापों के दौरान कुल 1,07,61,944 का अवैध व मिलावटी खाद्य भंडार जब्त किया गया। इस बीच बांद्रा के कार्टर रोड स्थित हाई-प्रोफाइल ऑटर्स क्लब के निरीक्षण में नियमों की भारी अनदेखी सामने आई।

बांद्रा के 'ऑटर्स क्लब' में मिला अनलॉग पनीर

यहां महाराष्ट्र में प्रतिबंधित 'एनालॉग पनीर' से व्यंजन बनाकर परोसे जा रहे थे। इसके अलावा किचन में टूटी टाइल्स, ड्रेनेज में रुकावट और खराब रेफ्रिजरेटर मिले। उधर, चेंबूर स्थित जेप्टो लिमिटेड के डार्क स्टोर में तापमान के तय मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। नॉन-वेज चिल्ड फूड 5 की जगह 9 डिग्री और फ्रोजन फूड 18 की जगह 11 डिग्री पर मिला, जिससे खाद्य सामग्री के सड़ने का गंभीर जोखिम था। वहां फर्श पर तेल का रिसाव, काई जमे एग्जॉस्ट और कीड़े-मकोड़ों का खतरा भी पाया गया।

जमीन पर केक, चूहों का आतंक

दहिसर स्थित डेली फ्रेश बेकर्स में अस्वच्छ फर्श पर रखकर केक तैयार किए जा रहे थे। जांच में एक्सपायर्ड फूड कलर, जंग लगे ओवन और कॉकरोच-मक्खियों का जमावड़ा मिला। विलेपार्ले की राज ऑयल ट्रेडिंग में खाद्य तेल के पैकेटों पर चूहों के कुतरने के निशान और गोदाम से तेज बदबू पाई गई। वहीं खार के प्रिंस ऑफ वेल्स रेस्टोरेंट और अंधेरी के कैफे सिफारिश में भी गंभीर अस्वच्छता और सुधार नोटिस की अनदेखी के चलते लाइसेंस सस्पेंड किए गए।

फिल्म सिटी के कैफे पर एफडीए का छापा

गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी के बॉलीवुड कैफे पर एफडीए की छापेमारी में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आने के बाद फिल्म सेट पर क्रू को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर बहस तेज हो गई है। कुछ दिन पहले एफडब्ल्यूआईसी ने एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे को पत्र लिखकर श्रमिकों, तकनीशियनों और कलाकारों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर चिंता जताई थी। ऐसे में मुंबई के फिल्म सेट भी अब खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर एफडीए की जांच के दायरे में आ सकते हैं।

सेट के खाने की भी हो सकती है जांच

एफडब्ल्यूआईसी महासचिव अशोक दुबे के मुताबिक कार्रवाई से प्रोडक्शन हाउसों में जवाबदेही बढ़ेगी। उनका कहना है कि दिहाड़ी मजदूर और क्रू खराब खाने की शिकायत खुलकर नहीं कर पाते, क्योंकि काम छिनने का डर रहता है। एफडब्ल्यूआईसी के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने भी खाने की गुणवत्ता और कथित तौर पर कास्टिक सोडा के इस्तेमाल की शिकायतों का हवाला देते हुए पूरी खानपान व्यवस्था की जांच की जरूरत बताई। तीन दशक से अधिक अनुभव वाले तकनीशियन मोहम्मद रफीक ने कम बजट की परियोजनाओं में खाने की समस्या का हवाला देते हुए अपनी टीम भेजना बंद करने की बात कही। वहीं लाइट टेक्नीशियन जीपी दास का कहना है कि कम से कम उद्योग में भोजन मिलता है और इससे घर पैसे भेजने में मदद होती है।

mumbai fda action 6 food establishment licenses suspended
तुकाराम मुंढे के एक्शन पर CM देवेंद्र फडणवीस की मुहर, मिलावटखोरों पर अब और सख्त होगी कार्रवाई

निर्माताओं का दावा- सुरक्षा प्राथमिकता

निर्माता यश पटनायक के अनुसार उनकी टीम रोज भोजन की गुणवत्ता जांचती है और संदेह होने पर खाना लौटा देती है। एसोसिएट डायरेक्टर अमित सक्सेना ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स में क्रू को अच्छी गुणवत्ता का भोजन मिलने का दावा किया। निर्देशक उमेश शुक्ला ने भी स्वच्छता को सबसे अहम बताते हुए कहा कि वे सेट पर अपनी टीम के साथ वही भोजन करते हैं, जो खुद खाते हैं।

गुटखा माफिया पर 7 एफआईआर, 10 अरेस्ट

अभियान के दौरान नाशिक, पुणे, नागपुर और कोंकण में प्रतिबंधित गुटखा व पान मसाला तस्करी पर 7 एफआईआर दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पालघर के चारोटी नाके पर 2.12 लाख रुपए का अस्वच्छ कोलोस्ट्रम दूध नष्ट कराया गया, जबकि पुणे के 'होटल चुल मटन' का लाइसेंस भी रद्द हुआ।

क्या कहा मुंढे ने

महाराष्ट्र एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन मिलना उनका बुनियादी अधिकार है। मिलावटखोरी और अस्वच्छता पर जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com