आज से शुरू हो रहे ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के लिए इंदौर में दिखी मेहमाननवाजी की झलक, 56 दुकान पर खानपान की महफ़िल

Brics Agriculture Conference Starting Today: ब्रिक्स कृषि सम्मेलन से पहले इंदौर पहुंचे विदेशी प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध 56 दुकान पर मालवी व्यंजनों का स्वाद चखा। आज से शुरू हो रहा है सम्मेलन।
BRICS 2026 foreign delegates tasting Malwa cuisine at 56 Dukan in Indore
56 दुकान पर मालवी व्यंजन का स्वाद लेते विदेशो से आये प्रतिनिधि (फोटो सोर्स - नवभारत)
Published on
Updated on

Indore BRICS Agriculture Summit: आज से शुरू हो रहे ब्रिक्स कृषि सम्मेलन से पहले इंदौर पहुंचे विदेशी प्रतिनिधियों का शहर की पहचान बन चुके 56 दुकान पर पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। ब्राजील, इथोपिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका सहित विभिन्न देशों के मेहमानों ने मालवा के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद लिया और इंदौर की संस्कृति से रूबरू हुए।

शाही पोहा से दही बड़े तक, मालवी व्यंजनों ने जीता दिल

56 दुकान पहुंचे विदेशी मेहमानों के लिए विशेष रूप से मालवा के लोकप्रिय व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। मेहमानों ने शाही पोहा, शिंकजी, दही बड़ा, कचौड़ी, पेटिस और साबूदाना खिचड़ी सहित कई पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ उठाया। आयोजन में व्यंजनों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया।

पुष्पवर्षा और शास्त्रीय संगीत से हुआ आत्मीय स्वागत

राज्य शासन और 56 दुकान संघ की ओर से विदेशी प्रतिनिधियों का भारतीय आतिथ्य परंपरा के अनुसार पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों ने आयोजन को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया और मेहमानों को भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई।

मालवा के स्वाद के साथ इंदौर के इतिहास से भी हुए रूबरू

इतिहासकार जफर अंसारी और श्रवण जोशी ने विदेशी मेहमानों को मालवी खान-पान की विशेषताओं के साथ 56 दुकान के इतिहास और देवी अहिल्या की नगरी इंदौर की सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी। उन्हें यह भी बताया गया कि इंदौर लगातार देश के सबसे स्वच्छ शहर का गौरव हासिल कर चुका है।

56 दुकान का इतिहास जानने में भी दिखाई दिलचस्पी

विदेशी प्रतिनिधियों ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ-साथ 56 दुकान की ऐतिहासिक पहचान और उसके विकास की कहानी भी जानी। मेहमानों की सुविधा के लिए प्रशासन ने बहुभाषी अनुवादकों की व्यवस्था की थी, जिससे संवाद में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

यह भी पढें:

आज से शुरू होगा पांच दिवसीय BRICS कृषि सम्मेलन

इंदौर में 9 जून से 13 जून तक आयोजित होने वाले BRICS कृषि सम्मेलन में सदस्य देशों के प्रतिनिधि कृषि, खाद्य सुरक्षा, नवाचार और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन के लिए शहर में विशेष तैयारियां की गई हैं और विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com