

CM Devendra Fadnavis Support Tukaram Mundhe FDA Action: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के नए आयुक्त और अपनी सख्त कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे ने पद संभालते ही मिलावटखोरों के खिलाफ पूरे राज्य में एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। जगह-जगह हो रही इस छापामार कार्रवाई से खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। अब इस कार्रवाई को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी समर्थन मिल गया है, जिससे मिलावटखोरों पर नकेल कसना तय माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने FDA द्वारा की जा रही कार्रवाई की सार्वजनिक रूप से सराहना की है। मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि मुझे लगता है कि बहुत अच्छी कार्रवाई की जा रही है। सबसे पहले तो, जब कोई फ़ूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स का उल्लंघन करता है या खाने में किसी भी तरह की मिलावट करता है, तो इससे लोगों की जान और सेहत को खतरा होता है। इसलिए, सख्त कार्रवाई जरूरी थी और वह कार्रवाई की जा रही है।
CM देवेंद्र फडणवीस ने तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चलाई जा रही इस मुहीम पर खुशी व्यक्त की और यह आश्वासन दिया कि प्रशासन का यह अभियान रुकने वाला नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि राज्य सरकार इस कार्रवाई में FDA का पूरा साथ देगी और यह राज्यव्यापी मुहीम आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी।
बता दें कि एफडीए के आयुक्त बनने के बाद तुकाराम मुंढे ने डेयरी उत्पादों में हो रही मिलावटों पर तगड़ा प्रहार किया है। इसके चलते राज्य सरकार ने अनालॉग पनीर पर बैन लगाया दिया है।
तुकाराम मुंढे ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच राज्यभर से पनीर के 308 नमूनों की जांच की गई। इनमें से 109 नमूने (35.4%) गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें 79 नमूने सब-स्टैंडर्ड जबकि 30 नमूने असुरक्षित पाए गए। इन निष्कर्षों के बाद राज्य सरकार ने अनालॉग पनीर पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।
तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में FDA की टीम मिलावटखोरी, अस्वच्छता और नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों, रेस्टोरेंट, आइसक्रीम पार्लरों, डेयरी और क्विक-कॉमर्स आउटलेट्स पर ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई कर रही है। महाराष्ट्र एफडीए ने पूरे राज्य में 1,100 से अधिक जगहों पर छापेमारी की है और 49 करोड़ रुपये से अधिक का मिलावटी या खराब खाद्य पदार्थ जब्त किया है।
तुकाराम मुंढे का सबसे बड़ा टारगेट होटल, रेस्टोरेंट के साथ-साथ कैंटिन भी है। FDA ने सरकारी और गैर सरकारी कैटिनों पर छापामारी कर कई को सील कर दिया है। FDA की टीम ने बॉम्बे हाईकोर्ट, विधानसभा, IIT बॉम्बे जैसी जगहों की कैटिनों पर भी छापेमारी की है।