मुंबई दही हांडी 2026: 9-लेयर पिरामिड और भारी ईनाम, इस बार इन 7 जगहों पर दिखेगा गोविंदाओं का तूफान

Biggest Dahi Handi In Mumbai: जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर आज 5 सितंबर को मुंबई और ठाणे की सड़कें 'गोविंदा आला रे' के नारों से गूंज उठेंगी। जानिए शहर के 7 सबसे रोमांचक और प्रसिद्ध दही हांडी स्पॉट्स।
Mumbai Dahi Handi 2026
दही हांडी उत्सव में परामिड बनाते गोविंदासोर्स: सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Best Dahi Handi Mumbai 2026: जन्माष्टमी के पावन अवसर में मुंबई और ठाणे समेत पूरे महारार में जगह-जगह दही हांडी के आयाेजन किए जा रहा है। आज सुबह से ही मुंबई में ठाणे में दही हांडी उत्सव का शुभारंभ हो चुका है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन आयोजित होने वाला यह पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह साहस, अटूट एकता, अनुशासन और अद्भुत सांस्कृतिक उत्साह का प्रतीक है। इस वर्ष भी मुंबई के विभिन्न इलाकों में विशालकाय ह्यूमन पिरामिड, लाखों रुपये के नकद इनाम, नामी-गिरामी हस्तियों की मौजूदगी और डीजे व ढोल-ताशों की धुन पर थिरकती भीड़ का नजारा देखने को मिलेगा।

दही हांडी उत्सव के दौरान ऊंचे ह्यूमन पिरामिड और कॉम्पिटिशन वाले गोविंदाओं से लेकर म्यूजिक, एंटरटेनमेंट और भारी भीड़ तक, मुंबई और ठाणे के कई हिस्से बड़े जन्माष्टमी सेलिब्रेशन की तैयारी कर रहे हैं। अगर आप इस उत्साह को करीब से देखना चाहते हैं, तो यहां सात जगहें हैं जहां आप दही हांडी के त्योहार का अनुभव कर सकते हैं।

यदि आप भी इस बार दही हांडी के रोमांच, जोश और पारंपरिक मिजाज को बेहद करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो मुंबई और ठाणे के ये 7 प्रमुख और मशहूर दही हांडी आयोजन आपकी हिट-लिस्ट में जरूर होने चाहिए।

  • वर्ली: संकल्प प्रतिष्ठान दही हांडी

साउथ-सेंट्रल मुंबई के दिल कहे जाने वाले वर्ली में आयोजित होने वाली संकल्प प्रतिष्ठान दही हांडी शहर के सबसे हाई-प्रोफाइल आयोजनों में से एक है। यहां मुंबई और ठाणे के सबसे बेहतरीन गोविंदाओं की टीमें आपस में भिड़ती हैं। हवा में कई फीट ऊपर लटकी हांडी तक पहुंचने के लिए जब 8 से 9 परतों का इंसानी पिरामिड बनता है, तो दर्शकों की सांसें थम जाती हैं। इसकी बड़ी खासियत यह है कि यहां नामी हस्तियां, बॉलीवुड सेलिब्रिटीज की उपस्थिति रहती है। साथ ही भारी-भरकम नकद पुरस्कार भी मिलता है।

  • लालबाग: बाल गोपाल मित्र मंडल

लालबाग का नाम सुनते ही सबसे पहले 'लालबागचा राजा' की याद आती है, लेकिन गणेशोत्सव के साथ-साथ यह इलाका दही हांडी के लिए भी उतना ही प्रसिद्ध है। बाल गोपाल मित्र मंडल द्वारा आयोजित उत्सव में पारंपरिक ऊर्जा और स्थानीय मोहल्ला-संस्कृति का अनूठा मेल दिखता है। संकरी गलियों में गूंजते ढोल-ताशे, स्थानीय लोगों का जबरदस्त उत्साह और गोविंदाओं का पारंपरिक अंदाज इसे और भी रोमांचक बना देता है।

  • घाटकोपर: श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मंडल

पूर्वी उपनगर का घाटकोपर इलाका जन्माष्टमी और दही हांडी उत्सव का पारंपरिक गढ़ माना जाता है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अपनी भव्य सजावट, सांस्कृतिक प्रासंगिकता और प्रतिस्पर्धी माहौल के लिए जाना जाता है। यहां कठिन ऊंचाई पर बांधी गई हांडी और पारंपरिक महाराष्ट्रीयन संस्कृति का जीवंत संगम देखने मिलता है।

  • घाटकोपर: राम कदम दही हांडी

घाटकोपर की बात हो और राम कदम दही हांडी का जिक्र न आए, ऐसा नहीं हो सकता है। राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से यह मुंबई का सबसे चर्चित दही हांडी इवेंट माना जाता है। यहां पर भाग लेने के लिए राज्य भर से नामचीन गोविंदा पाठक हफ्तों पहले से अभ्यास करते हैं। बॉलीवुड व मराठी सिनेमा स्टार्स की मौजूदगी, विशाल जनसैलाब और उच्च स्तरीय साउंड ट्रैक्स इसे खास बनाता है।

  • घाटकोपर वेस्ट: सम्मान दही हांडी

साल 2026 के लिए घोषित विशेष आयोजनों में सम्मान दही हांडी आकर्षण का केंद्र है। किरण भाऊ लांडगे मित्र परिवार द्वारा आयोजित यह दही हांडी 5 सितंबर को दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक घाटकोपर वेस्ट में अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड के किनारे असल्फा स्थिति किरण भाऊ लांडगे जनसंपर्क कार्यालय के पास आयोजित होगी।

  • ठाणे: संस्कृति युवा प्रतिष्ठा दही हांडी

यदि आप मुंबई के मुख्य शहर के ट्रैफिक से बचना चाहते हैं और विश्वस्तरीय दही हांडी देखना चाहते हैं, तो ठाणे की संस्कृति युवा प्रतिष्ठा सबसे बेहतरीन विकल्प है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के विधायक प्रताप सरनाईक द्वारा आयोजित इस उत्सव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। यहां कई बार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिशें भी हो चुकी हैं।

Mumbai Dahi Handi 2026
जन्माष्टमी पर भक्ति रस में डूबेगी मुंबई: दही हांडी से कृष्ण भजन जैमिंग तक, यहां देखें पूरी इवेंट लिस्ट
  • बोरीवली: मगाठाणे दही हांडी

नॉर्थ मुंबई वासियों के लिए बोरीवली ईस्ट स्थित देवीपाड़ा मैदान में आयोजित होने वाली 'मगाठाणे दही हांडी' मुख्य केंद्र होगी। 5 सितंबर 2026 को यह आयोजन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इस वर्ष इस आयोजन को एक विशेष सामाजिक व सांस्कृतिक संदेश से जोड़ा गया है। मराठी भाषा की शिक्षा के महत्व और मराठी माध्यम के स्कूलों को बचाने का संदेश, साथ ही कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं की उपस्थिति भी रहेगी।

  • सुरक्षा और यात्रा से जुड़ी खास सलाह

अगर आप 5 सितंबर को इन जगहों पर जा रहे हैं, तो पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे मुंबई लोकल ट्रेन या मेट्रो का इस्तेमाल करें, क्योंकि कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। सुरक्षा के नजरिए से आयोजकों ने मजबूत इंतजाम किए हैं, जिनमें मेडिकल टीमें और सेफ्टी नेट शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com