मुंबई में CNG महंगी होते ही स्टेशनों पर लगी लंबी कतारें, ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ने के संकेत

Mumbai CNG Price Hike: मुंबई में सीएनजी की कीमतों में फिर बढ़ोतरी के बाद आधी रात से पहले गैस भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिवहन क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है ।
Mumbai CNG Price Hike News
मुंबई CNG की कीमत में बढ़ोतरी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai CNG Price Hike News: मुंबई में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी का असर आधी रात से ही दिखाई देने लगा। नई दरें लागू होने से पहले टैंक फुल कराने की होड़ मच गई, जिसके चलते शहर के कई सीएनजी स्टेशनों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

महानगर गैस लिमिटेड द्वारा सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने से ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों की लागत बढ़ गई है। लगातार दूसरी बार हुई मूल्य वृद्धि से परिवहन क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है और किराया बढ़ाने की मांग भी जोर पकड़ सकती है, ऐसे में आने वाले दिनों में न केवल चालकों की जेब पर बोझ बढ़ेगा, बल्कि लाखों यात्रियों का सफर भी महंगा होने की आशंका जताई जा रही है।

2 रुपये प्रति की हुई वृद्धि

एमजीएल द्वारा सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी किए जाने के बाद शनिवार को मुंबई के विभिन्न सीएनजी स्टेशनों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। नई दरें लागू होने से पहले बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, कैब और मालवाहक वाहन चालक ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए।

भायखला के जेजे रोड सहित शहर के कई हिस्सों से सामने आई तस्वीरों में सीएनजी स्टेशनों पर वाहनों की लंबी लाइनें नजर आई। एमजीएल ने 29 और 30 मई की मध्यरात्रि से सीएनजी की कीमतों में 2 रुपए प्रति किलोग्राम और घरेलू पीएनजी की कीमतों में 50 पैसे प्रति मानक घन मीटर की बढ़ोतरी की है।

इसके बाद मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी की कीमत बढ़कर 86 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि घरेलू पीएनजी अब 52 रुपए प्रति एससीएम की दर से उपलब्ध होगी।

ऑटो और टैक्सी किराया निर्धारण खटुआ समिति की सिफारिशों के आधार पर होता है। किराया संशोधन पर आमतौर पर साल में एक बार बैठक में महंगाई और परिचालन लागत की समीक्षा के बाद फैसला लिया जाता है। फिलहाल अगली बैठक जनवरी में होने की संभावना है। वहीं सीएनजी कीमतों में हालिया 2 रुपए प्रति किलो वृद्धि का असर मुंबई के 30 से 35 हजार टैक्सी चालकों पर भी पड़ेगा।

- के। के तिवारी, अध्यक्ष, टैक्सी यूनियन

चिंता का विषय बनते जा रही ईंधन बढ़ोतरी

  • नई दरें लागू होने के साथ हो शहर भर के सीएनजी स्टेशनों पर लंबी कतारें दिखाई दी।
  • जिससे यह साफ कर दिया कि ईंधन कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी अब वाहन चालकों और आम यात्रियों दोनों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
  • परिवहन क्षेत्र को उम्मीद है कि सरकार और नियामक एजेंसियां बढ़ती लागत के मुद्दे पर जल्द कोई संतुलित समाधान निकालेंगी, ताकि चालकों और यात्रियों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com