

Mumbai CINTAA Members Resignation Controversy: सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन में विवाद बढ़ता दिख रहा है। ये मामला तब गरमाया जब अचानक 8 सदस्यों ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया और कमेटी को भंग कर दिया।
इसमें जनरल सेकेटरी और टीवी एक्ट्रेस उपासना सिंह का नाम भी शामिल है। उपासना सिंह ने तो पूरे मामले पर रिएक्ट भी किया। ये इस्तीफे तब हुए जब सिंटा की अध्यक्ष पूनम ढिल्लो और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे पर अपनी पोजिशन का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगा। ऐसे में बॉडी के सदस्यों ने नए चुनाव की मांग की है।
मेंबर्स ने आरोप लगाया है कि पूनम ढिल्लों ने कई फैसले खुद से लिए। न तो किसी से डिस्कस किया न ही सलाह ली। उन्होंने कमेटी की मंजूरी के बिना इंडस्ट्री संगठनों से बातचीत की। इसके लिए सिंटा की आधिकारिक ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया गया।
इस लेटर में ये भी दावा किया गया कि पूनम ढिल्लो और पद्मिनी कोल्हापुरे सरकारी मीटिंग में अपने प्राइवेट वकीलों को भी शामिल करती हैं। इन्हें सिंटा के वकीलों के तौर पर पेश भी किया गया, जबकि ऐसा करने का उनके पास कोई मंजूरी नहीं थी।
इस पूरे मामले पर उपासना सिंह ने बताया कि 11 में से 8 रिजाइन करने वाले एग्जीक्यूटिव कमेटी के चुने हुए सदस्य थे। इनके नाम है- हेमंत पांडे, मुकेश ऋषि, साहिला चड्डा, हेता परमार, पुनीत इस्सर, विदू दारा सिंह, विकास वर्मा और दीपक पाराशर।
एक जॉइंट लेटर में मेंबर्स ने तमाम आरोपों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कैसे एग्जीक्यूटिव कमेटी न तो मिल-जुलकर फैसला लेती है, न ही सलाह मशविरा करती है बल्कि संवैधानिक सिद्धांतों से भी दूर है। पूरा एसोसिएशन का काम सिर्फ पद्मिनी कोल्हापुरे और पूनम ढिल्लो और उनके कुछ मेंबर्स के आस-पास ही सिमटकर रह गया है जिससे नाराज होकर कुछ सदस्यों ने जॉइंट डिसीजन लिया है।