

MMRC Aqua Line Metro Completes: मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो ‘एक्वा लाइन’ ने एक साल में ही बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस मेट्रो से 7 करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है।
आरे जेवीएलआर से कफ परेड तक पूरे मार्ग पर मेट्रो सेवा शुरू होने के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसी) ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
इस मौके पर ‘एक्वा लाइन पासपोर्ट एंड स्टैम्प ट्रेल’ का अनावरण किया गया और वर्ष 2026 की एक्वा लाइन की यादों को सहेजने वाला टाइम कैप्सूल सीलबंद किया गया।
एमएमआरसी के अनुसार, एक्वा लाइन पर अब तक 7,18,52,473 यात्री यात्राएं दर्ज की गई हैं। सितंबर 2026 में सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन औसतन 2,24,602 यात्रियों ने इस मार्ग पर सफर किया।
वहीं, शनिवार और रविवार को प्रतिदिन यात्रियों की औसत संख्या 1,31,138 रही। ये आंकड़े मुंबईकरों के दैनिक आवागमन में भूमिगत मेट्रो की बढ़ती भूमिका को दर्शाते हैं।
संचालन के 1 साल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में एमएमआरसी की प्रबंध निदेशक अश्विनी भिडे ने टाइम कैप्सूल को सीलबंद किया और पासपोर्ट एवं स्टैम्प ट्रेल पहल का अनावरण किया। इस दौरान निदेशक (नियोजन) आर. रमणा, निदेशक (प्रणाली) राजीव, निदेशक (वित्त) योगेंद्र सक्सेना सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
एमएमआरसी के मुताबिक, टाइम कैप्सूल को 10 वर्षों के लिए सीलबंद किया गया है। इसे 8 अक्टूबर 2036 को खोला जाएगा। इसमें मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो के निर्माण और संचालन से जुड़ी तस्वीरें, महत्वपूर्ण पड़ाव, दस्तावेज और स्मृति चिह्न सुरक्षित रखे गए हैं।
इसका उद्देश्य वर्ष 2026 में एक्वा लाइन के सफर की झलक आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। एमएमआरसी ने इसे भारतीय मेट्रो क्षेत्र में अपनी तरह की पहली पहल बताया है।
‘एक्वा लाइन पासपोर्ट एंड स्टैम्प ट्रेल’ के तहत यात्री और मेट्रो प्रेमी मार्ग के 10 चुनिंदा स्टेशनों पर जाकर विशेष रूप से डिजाइन किए गए स्मारक स्टैम्प एकत्र कर सकेंगे। प्रत्येक स्टैम्प संबंधित स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को दर्शाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एक्वा लाइन पर सबसे अधिक यात्रा करने वाले यात्रियों का सम्मान भी किया गया। अश्विनी भिडे ने मुंबईकरों का आभार जताते हुए कहा कि सात करोड़ से अधिक यात्राओं का आंकड़ा मेट्रो पर लोगों के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।