अंधेरी डांस बार (सौ. सोशल मीडिया )
Mumbai Andheri Dance Bar: मुंबई पुलिस एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। अंधेरी के डांस बारों में काम करने वाली कई महिला परफॉर्मर्स ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग में लिखित शिकायत दर्ज कर स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिलाओं का कहना है कि पुलिसकर्मी उनके साथ अनुचित व्यवहार करते हैं, जिससे वे असुरक्षित और अपमानित महसूस करती हैं।
शिकायत में महिलाओं ने आरोप लगाया है कि कुछ पुलिसकर्मी बिना सहमति के उनके साथ सेल्फी लेते हैं और चेंजिंग रूम में जबरन प्रवेश करते हैं। इसके अलावा उनसे निजी जानकारी जैसे घर का पता और फोन नंबर भी मांगे जाते हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से उन्हें लगातार भय बना रहता है कि उनकी निजी तस्वीरें सार्वजनिक हो सकती हैं, जिससे उनके परिवार और बच्चों पर असर पड़ सकता है।
इस मुद्दे पर बार मालिकों ने भी महिलाओं का समर्थन किया है। उनका कहना है कि बार रात 1:30 बजे तक ही खुले रहते हैं, इसके बावजूद पुलिस देर रात पहुंचती है। इससे ग्राहक असहज महसूस करते हैं और व्यवसाय प्रभावित होता है। बार संचालकों ने आरोप लगाया कि छापेमारी और लाइसेंस रद्द करने की धमकियों के कारण कामकाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें :- RSS शताब्दी कार्यक्रम पर सियासी बवाल, अदनान सामी की मौजूदगी को लेकर संजय राउत का हमला
महिलाओं का कहना है कि अंधेरी क्षेत्र में ही इस तरह की सख्ती देखने को मिलती है, जबकि मुंबई के अन्य क्षेत्रों में ऐसा व्यवहार नहीं होता। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण कार्रवाई बताया है। फिलहाल मामला महिला आयोग के पास पहुंच चुका है और अब सभी की नजरें आगे की जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।