सुप्रिया सुले, बेटी रेवती और सारंग लखानी, फोटो- नवभारत डिजाइन
Supriya Sule Daughter Wedding: महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से एक, पवार परिवार से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शरद पवार की नातिन और सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले जल्द ही परिणय सूत्र में बंधने वाली हैं। उनका रिश्ता नागपुर के सुप्रसिद्ध व्यवसायी परिवार के बेटे सारंग लखानी के साथ तय हुआ है।
पवार परिवार की इस नई खुशी की खबर सबसे पहले पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी स्मृति शिंदे के माध्यम से सामने आई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए रेवती सुले और सारंग लखानी के रिश्ते के निश्चित होने की जानकारी दी। इस खबर के सार्वजनिक होते ही महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक शादी की आधिकारिक तारीख और विस्तृत कार्यक्रमों की जानकारी परिवारों द्वारा साझा नहीं की गई है, लेकिन यह स्पष्ट है कि रेवती सुले अब ‘नागपुर की बहू’ बनने जा रही हैं।
रेवती सुले के होने वाले पति सारंग अरुण लखानी एक प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी हैं। वे नागपुर के प्रसिद्ध विश्वराज ग्रुप के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अरुण लखानी के पुत्र हैं। सारंग के पेशेवर अनुभव की बात करें तो वे पिछले 8 वर्षों से अधिक समय से विश्वराज ग्रुप में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले उन्होंने ‘मॉडर्न हाइड्रोजन’ में बिजनेस डेवलपमेंट कंसल्टेंट के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। बिजनेस के अलावा, सारंग एक शानदार बैडमिंटन खिलाड़ी भी रहे हैं। उन्होंने कई बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) प्रोफाइल के अनुसार उनका जन्म 23 जुलाई 1992 को हुआ था।
सुप्रिया सुले और सदानंद सुले की बेटी रेवती सुले भी अपनी योग्यता और सक्रियता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने दुनिया के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। रेवती को पहली बार सार्वजनिक रूप से तब ज्यादा देखा गया जब उन्होंने बारामती लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी मां सुप्रिया सुले के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। चुनावी मैदान में अपनी मां के लिए सक्रिय रूप से वोट मांगते हुए उन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया था, जिसके बाद से ही वे अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं।
इस वैवाहिक संबंध का एक दिलचस्प पहलू राजनीतिक गलियारों में चल रही ‘मध्यस्थता’ की खबरें हैं। सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि रेवती सुले और सारंग लखानी का रिश्ता तय करने में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह भी पढ़ें: पार्थ पवार की कंपनी ने 21 करोड़ के नोटिस को दी चुनौती, IGR के सामने होगी बड़ी सुनवाई
चूंकि सारंग लखानी नागपुर से ताल्लुक रखते हैं जो कि गडकरी और फडणवीस का गृह क्षेत्र है, इसलिए इन दिग्गज नेताओं की मध्यस्थता की चर्चाओं ने इस पारिवारिक मिलन को एक विशेष राजनीतिक आयाम दे दिया है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इन दावों की पुष्टि अभी बाकी है लेकिन यह चर्चा पूरे महाराष्ट्र में गर्म है।