

Mumbai ANC Ganja Seizure Case: मुंबई में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
पुलिस ने वडाला निवासी 32 वर्षीय फारूक मोहम्मद हारून खान को गिरफ्तार किया है। वह पेशे से इलेक्ट्रीशियन था, लेकिन असल में शहर के विभिन्न हिस्सों में गांजे की सप्लाई करता था। आरोपी के पास से कुल 20.7 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने कोई डिजिटल रिकॉर्ड नहीं रखा था और केवल ‘माउथ पब्लिसिटी’ के जरिए अपना नेटवर्क तैयार किया था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह पिछले एक साल से इस अवैध कारोबार में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। वह प्रति किलोग्राम करीब 1,000 रुपये का मुनाफा कमाता था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के पीछे कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं और उनका नेटवर्क कितना व्यापक है।