

Vasai Virar Illegal RMC Plant News: नायगाँव-वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र और उससे सटे मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से चल रहे आरएमसी प्लांट प्रशासन के लिए चुनौती और नागरिकों के लिए काल बन गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नायगांव स्थित मालजीपाड़ा, मधुवन और ससुनावघर क्षेत्रों में इन प्लांटों की संख्या सबसे अधिक है। ये प्लांट न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाकर लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं।
इन अवैध आरएमसी प्लांटों से निकलने वाली सीमेंट की धूल और जहरीला धुआं हवा को प्रदूषित कर रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को सांस संबंधी बीमारियां हो रही हैं। प्लांट से निकलने वाला सीमेंट युक्त पानी सीधे सड़कों पर बहा दिया जाता है, जिससे वहां कीचड़ और फिसलन पैदा होती है। यह दूषित पानी खुले नालों में छोड़े जाने के कारण आसपास के पेड़-पौधों और जल स्रोतों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। भारी-भरकम मिक्सर टैंकरों और रेत ढोने वाले वाहनों के निरंतर आवागमन से हाईवे की सर्विस रोड और मुख्य सड़कें जर्जर हो चुकी हैं।
शिकायतें मिलने पर प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई का दावा तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। कार्रवाई के कुछ दिनों बाद ये प्लांट फिर से सक्रिय हो जाते हैं। राजमार्ग पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे सड़कें पहले ही संकरी हैं। ऐसे में तेज रफ्तार डंपर और आरएमसी मिक्सर जब सामने से आते हैं, तो दुर्घटना की आशंका शत-प्रतिशत बढ़ जाती है। - स्थानीय नागरिक