

Mumbai Airport Runway Closure On May 7: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मुंबई एयरपोर्ट) पर 7 मई 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रनवे मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इस दौरान एयरपोर्ट के दोनों रनवे अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।
मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, प्राथमिक रनवे 09/27 और द्वितीयक रनवे 14/32 पर वार्षिक रखरखाव कार्य किया जाएगा। यह कार्य मानसून से पहले नियमित रूप से किया जाता है, ताकि संचालन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।
इस बंदी के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ेगा। हालांकि, एयरलाइंस और अन्य हितधारकों को 6 महीने पहले ही सूचित कर दिया गया था, जिससे उन्होंने अपने फ्लाइट शेड्यूल में आवश्यक बदलाव कर लिए हैं।
यह वार्षिक रखरखाव कार्य एयरपोर्ट के 1,033 एकड़ में फैले बुनियादी ढांचे की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है। इससे रनवे की गुणवत्ता और संचालन क्षमता बनाए रखने में मदद मिलती है।
सीएसएमआईए की मानसून आकस्मिक योजना के तहत यह कार्य किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि समय पर रखरखाव से बारिश के मौसम में किसी भी तरह की बाधा से बचा जा सकेगा और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।
आपको बता दें कि हाल ही में गुजरात के कांडला से मुंबई आ रहे स्पाइसजेट के Q400 विमान का आउटर व्हील टेकऑफ के तुरंत बाद रनवे पर गिर गया था। मुंबई में लैंडिंग के समय पायलट ने इमरजेंसी की घोषणा की थी, हालांकि विमान की सेफ लैंडिंग हुई थी।