मुंबई एयरपोर्ट पर सोना तस्करी मामले में इस भाजपा नेता का हाथ! रवींद्र चव्हाण पर भड़के संजय राउत, जानें कारण

BJP Leader Ajit Achrekar Arrested: मुंबई एयरपोर्ट पर DRI ने ₹5 करोड़ का सोना जब्त कर बीजेपी नेता अजित अचरेकर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद संजय राउत ने रवींद्र चव्हाण पर गंभीर आरोप लगाए है।
mumbai airport gold smuggling bjp leader ajit achrekar arrested sanjay raut statement
रवींद्र चव्हाण, अजित अचरेकर और संजय राउत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Airport Gold Smuggling BJP Leader Arrested: मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना जब्त किया है। इस मामले में बीजेपी की कामगार इकाई के सचिव अजित अचरेकर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।

मुंबई हवाई अड्डे पर ऐसे हुई छापेमारी

डीआरआय (DRI) को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंबई एयरपोर्ट के जरिए बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी होने वाली है। इस जानकारी के आधार पर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे हवाई अड्डे पर जाल बिछाया गया और छापेमारी की गई। इस दौरान 5 करोड़ रुपये से अधिक का सोना बरामद हुआ। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह कोई अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट है और इसमें कौन-कौन से प्रभावशाली लोग शामिल हैं।

कौन है अजित अचरेकर?

मामले में गिरफ्तार मुख्य संदिग्ध अजित अचरेकर बीजेपी की कामगार इकाई का सचिव है। जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले ही महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण की उपस्थिति में उसने पार्टी में प्रवेश किया था और उसे संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी।

संजय राउत के गंभीर आरोप

इस गिरफ्तारी के बाद शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने बीजेपी और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण पर तीखा हमला किया है। राउत ने सोशल मीडिया पर एक फोटो साझा करते हुए आरोप लगाया कि,

रवींद्र चव्हाण ने हवाई अड्डे पर यूनियनों को तोड़कर अपना नियंत्रण बनाया और वहां गुंडों की टोलियां खड़ी कीं। अब वही लोग सोना तस्करी में पकड़े जा रहे हैं। राउत ने सवाल उठाया कि चुनावों में इस्तेमाल होने वाला बीजेपी का पैसा क्या इसी तरह के रास्तों से आता है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।

अब क्या करेगी भाजपा?

फिलहाल इस मामले पर बीजेपी या रवींद्र चव्हाण की ओर से कोई स्पष्टीकरण आना बाकी है। एजेंसियां इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। संजय राउत द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। जहाँ एक ओर तस्करी के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच जारी है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सत्ताधारी दल को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना यह होगा कि क्या रविंद्र चव्हाण या देवेंद्र फडणवीस इसका कोई जवाब देते हैं या बीजेपी इस पूरे प्रकरण पर क्या स्पष्टीकरण पेश करती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com