शिवनेरी बस (सोर्स: सोशल मीडिया)
MSRTC New Volvo Buses: पिछले कई वर्षों से मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे की ‘शान’ कही जाने वाली एसटी की आधुनिक व आरामदायक ‘शिवनेरी’ बस अब पूरे महाराष्ट्र में चलेगी। ऐसी घोषणा राज्य के परिवहन मंत्री और एसटी निगम के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने की है। ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने कहा कि 200 नई तकनीक से लैस वोल्वो बसों की खरीद प्रक्रिया जारी है। इन बसों के एसटी के बेड़े में शामिल होते ही मुंबई–पुणे के अलावा अन्य प्रमुख शहरों के बीच भी शिवनेरी सेवा शुरू की जाएगी। इनमें नासिक-पुणे, पुणे-कोल्हापुर,नागपुर-चंद्रपुर,नागपुर-अमरावती, अकोला जैसे महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 में शुरू हुई शिवनेरी सेवा अपनी समयबद्धता, सुरक्षित सफर और बेहतरीन सीटिंग व्यवस्था के कारण खासकर उच्च मध्यमवर्गीय यात्रियों में लोकप्रिय है। अन्य बस सेवाओं की तुलना में किराया थोड़ा अधिक होने के बावजूद यात्रियों के निरंतर अच्छे प्रतिसाद के कारण यह सेवा शुरू से ही लाभ में रही है। दादर–स्वारगेट, बोरीवली–शिवाजीनगर और ठाणे–स्वारगेट जैसे मार्गों पर चल रही पर्यावरण अनुकूल ई-शिवनेरी बसों को भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
नई 200 बसों में 30 स्लीपर बसें शामिल की जाएंगी। जिन मार्गों पर फिलहाल नॉन-एसी स्लीपर सेवा है, वहां ‘स्लीपर शिवनेरी’ शुरू कर लंबी दूरी के यात्रियों को अधिक आरामदायक और आधुनिक सफर का विकल्प दिया जाएगा। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि शिवनेरी सेवा का यह विस्तार केवल बसों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन सेवा को नया आयाम देना है।
यह भी पढ़ें:- राज्यसभा चुनाव: BJP ने फिर चौंकाया! विनोद तावड़े और रामदास आठवले समेत महाराष्ट्र से इन 4 दिग्गजों को दिया टिकट
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि एसटी बसों में महिला यात्रियों और 65 से 75 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को किराए में 50 प्रतिशत छूट दी जा रही है, जबकि 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए शिवनेरी की यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क है।