

MPSC Drug Inspector Exam Paper Leak: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की औषध निरीक्षक पद की परीक्षा में प्रश्नसंच लीक और अनधिकृत तरीके से हासिल करने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो उम्मीदवार और दो बिचौलिए शामिल हैं। इन नई गिरफ्तारियों के बाद मामले में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गिरफ्तार उम्मीदवारों की पहचान साजिद संदे और विजय किंगर के रूप में हुई है। साजिद संदे को सांगली, जबकि विजय किंगर को बुलढाणा से गिरफ्तार किया गया। वहीं, बिचौलियों की भूमिका निभाने वाले संदीप खलाटे और भैरवनाथ कदम को नवी मुंबई से पकड़ा गया है। क्राइम ब्रांच आरोपियों से पूछताछ कर प्रश्नसंच हासिल करने और उसकी लेन-देन से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
जांच में सामने आया कि MPSC परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से कथित तौर पर समझौता किया गया। आरोप है कि लोकसेवक के तौर पर सौंपे गए सरकारी कर्तव्य का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ के लिए परीक्षा का प्रश्नसंच अनधिकृत तरीके से बाहर निकाला गया और उसकी लेन-देन की गई। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस मामले में इससे पहले अवर सचिव अभिजीत लेंडवे, गोपनीय कक्ष में कार्यरत सहायक कक्ष अधिकारी विश्वेश्वर नकाते, सहायक कक्ष अधिकारी गोपाल मराठे, कौटिल्य अकादमी के संचालक प्रवीण पाटील, बिचौलिए अमृत पाटील और लोकेश उर्फ गौरव पाटील तथा उम्मीदवार ऋतुजा पाटील को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच के अनुसार, उम्मीदवार ऋतुजा पाटील और गौरव पाटील के बीच कथित रूप से संबंध थे। ऋतुजा ने अपने पिता अमृत पाटील से परीक्षा का प्रश्नसंच हासिल करने की बात कही थी। इसके बाद अमृत पाटील कथित बिचौलिए प्रवीण पाटील के संपर्क में आया। पुलिस के अनुसार, प्रवीण पाटील नंदुरबार में कोचिंग क्लास चलाता था।
जांच में प्रवीण पाटील और गिरफ्तार MPSC अधिकारियों के बीच करीब 5 लाख रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। मुंबई पुलिस को कथित तौर पर पूरी डील करीब 12 लाख रुपये में होने की जानकारी मिली है। फिलहाल विशेष जांच दल मामले की आगे जांच कर रहा है।