

Fake Income Tax Gang Arrested In Mumbai: अंधेरी में ‘स्पेशल 26’ फिल्म की तर्ज पर कारोबारी के कार्यालय में फर्जी इनकम टैक्स और क्राइम ब्रांच की रेड डालकर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
साकीनाका निवासी कारोबारी राजकुमार कंडासामी (49) का चकाला स्थित कार्यालय आंखों के इलाज में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का कारोबार करता है। 17 अगस्त को कर्मचारियों ने उन्हें फोन कर कार्यालय में रेड की जानकारी दी।
फर्जी अधिकारियों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीनकर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। कारोबारी अपनी पत्नी के साथ कार्यालय पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें उनकी ही बुक की गई कैब में जबरन बैठाकर कार्यालय ले गए।
कार्यालय में छह पुरुष और तीन महिलाएं खुद को जांच दल के सदस्य बता रहे थे। आरोपियों ने फर्जी सर्च वारंट दिखाकर कारोबारी से दस्तखत करवाए और पेटी कैश के नाम पर 1.70 लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद 1.44 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाने की धमकी दी गई।
मामला खत्म करने और गिरफ्तारी से बचाने के बदले आरोपियों ने 1 करोड़ रुपये की मांग की। कारोबारी ने जब आधिकारिक नोटिस मांगा तो आरोपियों ने गाली-गलौज और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उनके जाने के बाद कारोबारी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट और इनकम टैक्स विभाग से संपर्क किया, तब फर्जी रेड का खुलासा हुआ।
शिकायत के बाद अंधेरी पुलिस ने जांच शुरू की। सहायक पुलिस निरीक्षक रामदास कदम और उनकी टीम ने करीब 50 स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगालकर 4 सितंबर को संतोष उदय खोपटकर, विनय रमेश मोरे, प्रेम किशन सबनानी, प्रज्ञा हरीश माईन, रेशमा शामराव वारंग और सबीना हाफिज शेख को गिरफ्तार किया।
तीन अन्य आरोपी शबीना शेख, जितेंद्र मोरे और अशोक शिंदे फरार हैं। पुलिस के अनुसार, कारोबारी का पूर्व ड्राइवर संतोष खोपटकर भी साजिश में शामिल था और उसने आरोपियों को कारोबारी से जुड़ी जानकारी दी थी। आरोपी प्रेम किशन सबनानी के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं।