'हमारी बिल्ली हमीं से म्याऊं?' MNS नेता का BJP पर तीखा वार, बाला नांदगांवकर बोले- भाजपा को हमने बड़ा किया

MNS नेता बाला नांदगांवकर ने महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले अजित पवार के ईवीएम में ढाई हजार वोट फिक्स वाले बयान पर सफाई देनी चाहिए।
bala nandgaonkar
MNS नेता बाला नांदगांवकर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bala Nandgaonkar Statement: महाराष्ट्र की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई है। एमएनएस (MNS) के दिग्गज नेता बाला नांदगांवकर ने महायुति सरकार, खासकर भाजपा और अजित पवार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने अजित पवार के ईवीएम वाले दावों पर मुख्यमंत्री से सफाई मांगी और भाजपा को उनकी पुरानी जमीन याद दिलाई।

'अजित पवार के EVM वाले बयान पर स्पष्टीकरण दें मुख्यमंत्री'

बाला नांदगांवकर ने पुणे में अजित पवार द्वारा दिए गए उस बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि ईवीएम में ढाई हजार वोट पहले से फिक्स हैं। नांदगांवकर ने सवाल उठाया, "क्या ये लोग अब ज्योतिषी बन गए हैं? मुख्यमंत्री को पहले इस पर सफाई देनी चाहिए कि चुनाव से पहले ही वोटों की गिनती कैसे तय हो रही है।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर विरोधियों को राज ठाकरे 'लूजर' लगते हैं, तो इसका मतलब साफ है कि अजित पवार का ईवीएम वाला बयान सच है।

मुंबई में भाजपा को हमने बड़ा किया

भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि मुंबई में आज जो भाजपा दिख रही है, उसे खड़ा करने में हमारा बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा, "जब भाजपा के पास सिर्फ पांच कार्यकर्ता हुआ करते थे, तब हमने उन्हें सहारा दिया। आज हमारी ही बिल्ली हमीं से म्याऊं कर रही है?" उन्होंने आरोप लगाया कि 25 साल तक गठबंधन में रहने के दौरान इन्हें विकास की याद नहीं आई, और आज ये मुंबई के विकास का ढोल पीट रहे हैं।

महायुति सरकार को 'टेंडर वाली सरकार' करार दिया

मुंबई की सड़कों की हालत पर नाराजगी जताते हुए नांदगांवकर ने महायुति सरकार को 'टेंडर वाली सरकार' करार दिया। उन्होंने कहा, "अदालतों में तो तारीख पर तारीख मिलती है, लेकिन इस सरकार में तो टेंडर पर टेंडर निकाले जा रहे हैं। सड़कें बनने से पहले गड्ढे हो जाते हैं और फिर नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।" उन्होंने भाजपा पर बाहर से नेता बुलाकर महाराष्ट्र के लोगों को भड़काने और आपस में लड़ाने की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

राज ठाकरे को 'लूजर' कहने वालों को करारा जवाब

नांदगांवकर ने पूछा कि अगर राज ठाकरे 'लूजर' हैं, तो महायुति के नेता बार-बार उनके घर समर्थन मांगने क्यों जाते थे? उन्होंने अन्नामलाई जैसे बाहरी नेताओं के दौरों पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें सिर्फ रटी-रटाई बातें बोलने के लिए बुलाया जा रहा है। अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि एमएनएस केवल उन्हीं का समर्थन करती है जो इस मिट्टी से प्यार करते हैं, घुसपैठियों के लिए यहां कोई जगह नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com