सीएम देवेंद्र फडणवीस (सौजन्य-एएनआई)
मुंबई: महायुति सरकार की सत्ता आने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सभी विभागों को 100 दिन के काम का रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया है। सभी विभागों के कामों की समीक्षा की जा रही है। इसके 15 अप्रैल को 100 दिन पूरे हो जाएंगे।
पंद्रह दिनों के बाद हर विभाग का मूल्यांकन क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र इस तरह का थर्ड पार्टी मूल्यांकन कराने वाला देश का पहला राज्य है। जिन विभागों का मूल्यांकन 50 प्रतिशत से कम होगा, उन्हें निगेटिव मार्किंग दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभागों को 1 मई को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने हम पर विश्वास जताया है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उन्हें उनकी उम्मीदों के अनुसार रिजल्ट दें। प्रशासन के प्रत्येक विभाग को 100 दिवसीय रोडमैप मिशन शुरू करने को कहा गया है। इसकी निरंतर समीक्षा की जा रही है।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
इस मिशन 100 के माध्यम से एक नई कार्य संस्कृति लाने का प्रयास किया जा रही है। तहसील स्तर पर भी सरकारी कार्यालयों को सात कार्य बिंदु दिए गए हैं। इसमें रिकॉर्ड रखने से लेकर कार्य पूरा करने तक का ब्यौरा शामिल है। कुछ विभागों ने अपने लक्ष्य को बहुत अच्छी तरह हासिल कर लिया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि आगामी 15 अप्रैल को मिशन हंड्रेड डेज पूरा हो जाएगा। पंद्रह दिनों के बाद क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) हर विभाग का मूल्यांकन करेगी। क्यूसीआई केंद्रीय स्तर पर एक स्वायत्त निकाय है। इस मूल्यांकन में 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विभागों को निगेटिव मार्किंग दी जाएगी। उनसे अपने प्रदर्शन में सुधार करने को कहा जाएगा।