MHADA Mumbai Lottery: 2,640 फ्लैटों के लिए 75 हजार से ज्यादा आवेदन, जानें कब निकलेगा ड्रॉ
MHADA Mumbai Lottery 2026: 2,640 घरों के लिए 75,366 आवेदन। 10 जून को आएगी लिस्ट, आचार संहिता के कारण ड्रॉ 25 जून के बाद। देखें आय वर्ग और मुख्य तारीखें।
- Written By: गोरक्ष पोफली
सांकेतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
MHADA Lottery Draw Date: म्हाडा की मुंबई बोर्ड लॉटरी 2026 को आवेदकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध 2,640 आवासीय फ्लैटों के लिए कुल 75,366 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रत्येक फ्लैट के लिए औसतन 28.54 आवेदन आए हैं। म्हाडा अधिकारियों के अनुसार लॉटरी के ड्रॉ की तिथि, समय और स्थान की घोषणा 25 जून के बाद की जाएगी।
वर्तमान में महाराष्ट्र विधान परिषद के स्थानीय निकाय निर्वाचन के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है, जो 25 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही कम्प्यूटरीकृत लॉटरी की तारीख घोषित की जाएगी। मुंबई हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट बोर्ड और मुंबई बिल्डिंग्स रिपेयर एंड रिकंस्ट्रक्शन बोर्ड के माध्यम से कुल 2,640 फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें नव-निर्मित आवास, विकास नियंत्रण नियम 33(5) और 33(7) के तहत डेवलपर्स से प्राप्त फ्लैट और पहले से रिक्त पड़े आवास शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया 30 मार्च को शुरू हुई थी और 28 मई अंतिम तिथि थी। म्हाडा का कहना है कि कम बिक्री मूल्य, आधुनिक सुविधाएं, पार्किंग, गुणवत्तापूर्ण निर्माण, प्रमुख स्थानों पर उपलब्धता और बाजार मूल्य से कम कीमत जैसे कारणों से योजना को व्यापक प्रतिसाद मिला है। लॉटरी के तहत विक्रोली के कन्नमवार नगर, गोरेगांव के पात्रा चॉल और पहाड़ी क्षेत्र, बोरीवली के गोराई एवं ओल्ड मगाथेन, चेंबूर के सुभाष नगर, बांद्रा के गांधीनगर, घाटकोपर के पंतनगर, दादर के लोकमान्य नगर, पवई, वडाला, एंटॉप हिल, गिरगांव और मझगांव सहित मुंबई के कई प्रमुख इलाकों में फ्लैट उपलब्ध हैं।
सम्बंधित ख़बरें
अवैध खनन पर 10 गुना जुर्माना, विकास और न्यायिक ढांचे पर जोर, महाराष्ट्र कैबिनेट ने लिए 8 बड़े निर्णय
महाराष्ट्र में 29 से 31 जुलाई तक भारी बारिश के संकेत, 29 तारिख को नागपुर के स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
पेपर लीक पर राजनीति छोड़ो, युवाओं का भविष्य बचाओ , संसद में श्रीकांत शिंदे का विपक्ष पर करारा हमला
Gondia News: गोंदिया स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 193 यात्रियों से ₹1.18 लाख का जुर्माना वसूला
आय वर्ग के अनुसार उपलब्ध हैं आवास
आय वर्ग के अनुसार इस लॉटरी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 145, निम्न आय वर्ग के लिए 858, मध्यम आय वर्ग के लिए 798 और उच्च आय वर्ग के लिए 839 फ्लैट शामिल किए गए हैं। म्हाडा ने विक्रोली (पूर्व) स्थित कन्नमवार नगर की योजना क्रमांक 538 और 539 के तहत निर्माणाधीन 1,221 फ्लैटों की कीमत में 7.5 प्रतिशत की कटौती भी की है। इनमें से 610 फ्लैट नई योजना 538-ए और 539-ए के तहत विशेष रूप से उच्च आय वर्ग के आवेदकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। प्राधिकरण का मानना है कि कीमतों में कमी के कारण एचआईजी श्रेणी के आवेदकों की रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
यह भी पढ़ें: Vidhan Parishad Election: भाजपा की सूची में इंपोर्टेड नेताओं का जलवा, जानें वफादारों के साथ नए समीकरणों का मेल
10 जून को बेवसाइट पर प्रकाशित होगी आवेदकों की प्रारूप सूची
म्हाडा के अनुसार पात्र आवेदकों की प्रारूप सूची 10 जून को दोपहर 3 बजे वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। आवेदक 12 जून तक ऑनलाइन दावा और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 जून को अंतिम पात्र सूची जारी की जाएगी। इसके बाद आचार संहिता समाप्त होने पर कम्प्यूटरीकृत ड्रॉ आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराने की नीति और बेहतर सुविधाओं के कारण इस वर्ष की मुंबई बोर्ड लॉटरी को अपेक्षा से अधिक प्रतिसाद प्राप्त हुआ है।
