

Mumbai Coastal Road Inspection Mayor Ritu Tawde: कोस्टल रोड के निरीक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर हुई आलोचना के बीच मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि उनका दौरा किसी फोटोशूट या सोशल मीडिया प्रचार के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों, विशेष रूप से समुद्र की ऊंची लहरों के बीच रेलिंग के पास बैठे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से था।
मेयर ने कहा कि मानसून के दौरान कोस्टल रोड का निरीक्षण करना उनके पद की जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है और इसी उद्देश्य से उन्होंने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
रितु तावड़े ने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, "मुंबईकर तय करेंगे कि मैं रील स्टार हूं या रियल स्टार।" उनके अनुसार, जनता उनके काम के आधार पर निर्णय करेगी, न कि सोशल मीडिया पर चल रही टिप्पणियों के आधार पर।
मानसून के दौरान निरीक्षण के समय मेयर को समुद्र में ऊंचे ज्वार के बीच समुद्री दीवार पर बैठे लोगों को वहां से हटने और सतर्क रहने की अपील करते हुए देखा गया था। उन्होंने नागरिकों से खराब मौसम और समुद्री परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में नहीं डालने का आग्रह भी किया था। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि सुरक्षा निरीक्षण को प्रचार का माध्यम बनाया गया। इन आरोपों को खारिज करते हुए मेयर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था और वे भविष्य में भी मुंबईकरों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह सक्रिय रहेंगी।