सागर: बस में युवतियों से अश्लील हरकत का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

Sagar Crime News : सागर के देवरी कलां में बस के अंदर दो युवतियों से अश्लील हरकत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
Sagar Bus Viral Video Case
अश्लील हरकत करता आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Sagar Bus Viral Video: सागर जिले के देवरी कलां में बस के अंदर दो युवतियों से अश्लील हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि, अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, देवरी बस स्टैंड पर खड़ी एक बस में बैठी दो युवतियों के साथ एक युवक द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी युवक नीतीश गौंड को हिरासत में लिया है।

पीड़िता की ओर से नहीं मिली शिकायत

बताया जा रहा है कि फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी पीड़िता या फरियादी की ओर से मामले में लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसी आधार पर प्रारंभिक कार्रवाई की गई है।

वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई

वहीं, देवरी के नवागत एसडीओपी अरुण उइके ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की बात कही है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किस स्थान का है और उसमें दिखाई दे रही युवतियों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा वीडियो में नजर आ रहे युवक से भी पूछताछ की जा रही है। एसडीओपी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद मामले में जो भी वैधानिक कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता

इधर, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देवरी नगर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना सामने आना गंभीर विषय है। नागरिकों ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तेजी से जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

तथ्यों के आधार पर की जाएगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com