Maharashtra News: कांग्रेस-रासपा की युति, मनपा और जिप चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला

BMC Election 2026: महाराष्ट्र में आगामी महानगरपालिका और जिला परिषद चुनावों के लिए कांग्रेस और राष्ट्रीय समाज पार्टी ने गठबंधन का ऐलान किया है।हर्षवर्धन सपकाल और महादेव जानकर ने साझा रणनीति की बात कही।
Harshvardhan Sapkal And Mahadev Jankar
हर्षवर्धन सपकाल और महादेव जानकर (सौ. सोशल मीडिया )
Updated on

Mumbai News In Hindi: राज्य में प्रस्तावित महानगरपालिका और जिला परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस ने समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की कवायद तेज कर दी है।

इसी क्रम में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने घोषणा की कि कांग्रेस और राष्ट्रीय समाज पार्टी (रासपा) आगामी महानगरपालिका और जिला परिषद चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

बुधवार को मुंबई स्थित तिलक भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और रासपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री महादेव जानकर के बीच गठबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त पत्रकार परिषद के जरिए इस राजनीतिक समझौते की औपचारिक घोषणा की।

विपक्षी दलों का मिलकर मुकाबला

इस मौके पर सपकाल ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक हालात में समान विचारधारा वाले दलों का एकजुट होना जरूरी हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान को कमजोर कर रही है, ऐसे में विपक्षी दलों का मिलकर मुकाबला करना चाहिए।

औपचारिक गठबंधन की घोषणा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पहले नगर पालिका और नगर पंचायत चुनावों में औपचारिक गठबंधन की घोषणा भले ही न की गई हो, लेकिन कई क्षेत्रों में दोनों दलों ने आपसी तालमेल के साथ चुनाव लड़े हैं। उन्होंने बताया कि सातारा, सांगली के अलावा मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में कांग्रेस और रासपा ने मिलकर चुनावी मुकाबला किया था।

सपकाल के अनुसार, उसी सहयोग को आगे बढ़ाते हुए अब महानगरपालिका और जिला परिषद चुनावों में भी साथ रहने का फैसला लिया गया है। दोनों दलों का मानना है कि साझा रणनीति से चुनावी प्रदर्शन को मजबूत किया जा सकता है।

रासपा अध्यक्ष महादेव जानकर ने भी गठबंधन पर सहमति जताते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस के साथ मिलकर जनता के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा। गठबंधन की विस्तृत रणनीति और सीट बंटवारे को लेकर आगे चर्चा की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com