Maharashtra Weather: आज कोंकण और पुणे में भारी बारिश का अलर्ट; घर से निकलने से पहले जानें अपने जिले का हाल
Maharashtra Weather Update: कोंकण और पुणे समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट। मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, घर से बाहर निकलने से पहले जानें अपने शहर के मौसम का हाल।
- Written By: गोरक्ष पोफली
महाराष्ट्र कं मौसम की सांकेतिक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Maharashtra Weather Today: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में मौसम का विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में मानसून की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। विशेष रूप से कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुंबई और ठाणे के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यहां गरज के साथ बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मुंबई में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बीच-बीच में भारी बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, कल के मुकाबले आज बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है, लेकिन यात्रियों को जलजमाव और यातायात में देरी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पालघर में भी इसी तरह की स्थिति रहने वाली है, जहाँ गरज के साथ भारी बारिश का अनुमान है।
पुणे और सतारा: ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी
पुणे और सतारा जिलों के लिए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पुणे के घाट क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। शहर में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना है, जबकि शहर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
सम्बंधित ख़बरें
जबरन शादी से बचने के लिए छोड़ा था घर; अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने महिला के हक में सुनाया यह बड़ा फैसला
जब नदी बन गईं सड़कें… और खिलौने की तरह बह गए 1,200 सिलेंडर; रायगड़ में आसमानी आफत का वायरल VIDEO
शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में सुनवाई के दौरान हंगामा, महिला कर्मचारी से अभद्रता, कपड़े उतारकर बनाया वीडियो
‘शिक्षकों से BLO का काम क्यों, पढ़ाएगा कौन?’ सरपंच ने जिलाधिकारी कार्यालय में खड़े किए तीखे सवाल
नासिक और उत्तर महाराष्ट्र: मूसलाधार का दौर जारी
नासिक जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, विशेष रूप से नाशिक के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। धुले, नंदुरबार और जलगांव जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। अहिल्यानगर में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
विदर्भ और मराठवाड़ा: गरज के साथ बौछारें
विदर्भ के जिलों जैसे नागपुर, अकोला, अमरावती, चंद्रपुर, और ग़डचिरोली में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। बुलढाणा, वाशिम और वर्धा में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड़, धाराशिव, लातूर और नांदेड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लातूर में दोपहर के समय गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मुख्यमंत्री की किसानों को सलाह
मुख्यमंत्री कार्यालय ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं। राज्य के कुछ हिस्सों विशेष रूप से खानदेश और मध्य महाराष्ट्र में बारिश औसत से कम रहने की संभावना है, इसलिए मिट्टी में पर्याप्त नमी होने तक बुआई में जल्दबाजी न करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: जबरन शादी से बचने के लिए छोड़ा था घर; अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने महिला के हक में सुनाया यह बड़ा फैसला
सुरक्षा निर्देश और समुद्री स्थिति
- कोंकण तट पर समुद्र की स्थिति खराब रहने की संभावना है, इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
- बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
- जलजमाव वाले क्षेत्रों और पुराने पुलों से दूर रहें।
राज्य प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
