शहीद परिवारों को बड़ी राहत, महाराष्ट्र में कृषि भूमि हस्तांतरण पर स्टाम्प ड्यूटी पूरी तरह माफ
Maharashtra Stamp Duty Waiver Martyr Families: महाराष्ट्र सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारों को बड़ी राहत देते हुए कृषि भूमि हस्तांतरण पर स्टाम्प ड्यूटी पूरी तरह माफ कर दी है।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: अपूर्वा नायक
शहीद परिवारों के लिए महाराष्ट्र में स्टाम्प ड्यूटी माफ़ी (सौ. AI Generated Image )
Maharashtra Stamp Duty Waiver Martyr Families: महाराष्ट्र सरकार ने शहीद सैनिकों के परिवारों को बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया कि राज्य में शहीद जवानों और अधिकारियों की वीर माताओं, वीर पत्नियों अथवा अन्य अधिकृत उत्तराधिकारियों के नाम पर कृषि भूमि हस्तांतरित करते समय लगने वाला मुद्रांक शुल्क (स्टाम्प ड्यूटी) पूरी तरह माफ किया जाएगा।
राज्य के महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने विधान भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि शहीद परिवारों को सम्मान और आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब शासन द्वारा उदरनिर्वाह के लिए प्रदान की जाने वाली कृषि भूमि को वीर माता, वीर पत्नी या अन्य अधिकृत वारिसों के नाम करने के लिए किसी भी प्रकार का मुद्रांक शुल्क नहीं देना होगा। इससे शहीद परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें सीधे लाभ मिलेगा।
सम्बंधित ख़बरें
किसानो को मिलेगी 2 लाख तक कर्ज माफ़ी? विधायक रणधीर सावरकर ने विधानसभा में रखी मांग
Ketan Murder Case: गंजेपन की वजह से केतन अग्रवाल को उतारा मौत के घाट? सिया गोयल के नए दावे से पुलिस भी हैरान
अनाथ बच्ची को महिला ने मारी लात, सीढ़ी से नीचे गिरी मासूम, पनवेल के आंगनवाड़ी में बेहरमी का Video वायरल
मुंबई-नागपुर रूट पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए वीकेंड स्पेशल ट्रेन का ऐलान, इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
मंत्रिमंडल में लिए गए निर्णय
- मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए बावनकुले ने बताया कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माथेरान में लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई थी। इस समस्या के समाधान के लिए महसूल विभाग की पांच एकड़ भूमि माथेरान नगर परिषद को पार्किंग सुविधा विकसित करने हेतु उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा नागपुर जिले के गादा स्थित जिला क्रीड़ा संकुल के विकास के लिए चार करोड़ रुपये की निधि मंजूर की गई है।
- ठाणे के आदिवासी भूमि प्रकरण पर बोलते हुए महसूल मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन से तीन प्राथमिक रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इन रिपोर्टों में प्रक्रिया की वैधता, सुनवाई का अवसर तथा तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। सरकार मामले में सभी कानूनी पहलुओं का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करेगी।
ऑपरेशन टाइगर से संबंध नहीं
वहीं, ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर लगाए जा रहे राजनीतिक आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बावनकुले ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी का इस अभियान से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के संगठनात्मक और आंतरिक मामलों का निर्णय संबंधित दलों का विषय है। सांसद संजय पाटिल द्वारा पत्रकारों को धमकाने के सवाल पर राजस्व मंत्री ने कहा कि संजय पाटिल को राज्य सरकार ने स्वयं वाय श्रेणी की सुरक्षा दी है,यदि वे इस तरह की बात करते हैं तो गलत है। मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री स्वयं इस बात को संज्ञान में लिया है।
ये भी पढ़ें :- Ulhasnagar Municipal Corporation की बड़ी कार्रवाई, राशन विभाग से 2.25 करोड़ रुपये का बकाया कराया वसूल
रेत माफ़िया के खिलाफ टास्क फोर्स का गठन
राज्य भर में रेत माफ़िया की बढ़ती अवैध गतिविधियों को देखते हुए सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि राज्य में रेत माफिया ने अपने व्हाट्सएप ग्रुप बना रखे हैं,जिससे वे संगठित रूप से हमारे अधिकारियों पर नजर रखते हैं और आपस में शेयर करते हैं। कुछ स्थानों पर हमारे तहसीलदार, तलाठी व अन्य राजस्व अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी रेत माफिया के माध्यम से मिली है। राजस्व मंत्री बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर रेत माफिया के खिलाफ टास्क फोर्स का गठन होगा, इसके साथ रेत माफिया पर मकोका के तहत कार्रवाई पर भी विचार किया गया है। जल्द ही इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। गुरुवार को विधानसभा में इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा भी की गई।
मुंबई से नवभारत लाइव के लिए सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट
