महाराष्ट्र में बाल कटवाना और दाढ़ी बनवाना हुआ महंगा, 20% बढ़े दाम, जानें सैलून के नए रेट्स

Maharashtra Salon Rate Hike: महाराष्ट्र में बाल कटवाना और दाढ़ी बनवाना अब महंगा होने वाला है। राज्य के सैलूनों में हेयरकट, शेविंग और अन्य ग्रूमिंग सर्विसेज के दाम 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिए गए हैं।
Maharashtra salon rate hike Haircut Shaving Prices Increase
महाराष्ट्र में सैलून के रेट बढ़े (फाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Haircut Shaving Prices Increase: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है। इन सबके बीच रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों के बाद अब महंगाई का असर ग्रूमिंग सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। महाराष्ट्र में नाई समुदाय ने बाल कटिंग, शेविंग, दाढ़ी ट्रिमिंग, फेशियल और हेयर स्पा समेत विभिन्न सेवाओं के शुल्क में 20 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद बाल कटिंग से जेब कटेगी।

फिलहाल, शनिवार से लागू नई दरों के बाद राज्यभर के लाखों ग्राहकों को सैलून सेवाओं के लिए पहले से अधिक रकम चुकानी होगी। महंगाई की मार अब सैलून तक पहुंच गई है। जबकि शेविंग और अन्य ग्रूमिंग सेवाओं के लिए भी अधिक भुगतान करना होगा।

महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के अनुसार बढ़ती परिचालन लागत, सैलून में उपयोग होने वाली उपभोग्य सामग्रियों और अन्य आवश्यक उत्पादों की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण शुल्क बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। संगठन का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में व्यवसाय संचालन की लागत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिससे दरों में संशोधन अपरिहार्य हो गया था।

पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों का पड़ रहा असर

नई दरों के तहत फेशियल ट्रीटमेंट की शुरुआती कीमत 700 रुपए और हेयर स्पा की शुरुआती कीमत 600 रुपए निर्धारित की गई है। इससे नियमित रूप से इन सेवाओं का उपयोग करने वाले ग्राहकों का मासिक खर्च बढ़ने की संभावना है। महाराष्ट्र नाभिक महामंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रमों का भी लागत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। परिवहन, आपूर्ति और उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण सैलून संचालकों का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर सेवा शुल्क पर पड़ा है।

सैलून के सामानों की दर में हुई है वृद्धि

महामंडल के पदाधिकारी श्याम अस्करकर ने बताया कि सामान्यतः दरों की समीक्षा हर दो वर्ष में जनवरी माह के दौरान की जाती है। लेकिन बढ़ती महंगाई और सैलून में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण इस बार निर्धारित समय से पहले ही शुल्क संशोधित करने का निर्णय लेना पड़ा। महामंडल ने स्पष्ट किया है कि संशोधित दरें मुख्य रूप से स्थानीय और पारंपरिक नाई की दुकानों पर लागू होंगी, प्रीमियम और ब्रांडेड सैलून पहले से ही अधिक शुल्क लेते हैं।

सामान्य हेयरकट का रेट 180 रुपए

नई दरों के अनुसार सामान्य हेयरकट के लिए ग्राहकों को अब 180 रुपए चुकाने होंगे, जबकि शेविंग का शुल्क 120 रुपए निर्धारित किया गया है। दाढी ट्रिमिंग के लिए 150 रुपए देने होंगे। इसके अलावा हेड मसाज की कीमत 180 रुपए और हेयर वॉश का शुल्क 120 रुपए कर दिया गया है। इसी के साथ ही प्रीमियम ग्रूमिंग सेवाएं भी महंगी हो गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com