महाराष्ट्र राज्यसभा की सीटों पर सियासी घमासान, भाजपा की नई रणनीति से बढ़ा पारा

Maharashtra Rajya Sabha Election 2026: 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। अमित शाह के निर्देश के बाद महायुति सातवीं सीट पर भी दावा ठोकने की तैयारी में है।
Amit Shah And Ravindra Chavhan
अमित शाह और रविंद्र चव्हाण (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Amit Shah On Maharashtra Rajya Sabha Election: देशभर में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव से पहले महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है।

खबर है कि केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता अमित शाह ने महाराष्ट्र भाजपा को एक नया निर्देश जारी किया है, जिसके बाद राज्य में सत्तारूढ़ महायुति 6 की बजाय 7वीं सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।

महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए अब सियासी पारा चढ़ गया है और आने वाले दिनों में कई नए समीकरण बनते-बिगड़ते देखने को मिल सकते हैं। भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण 27 फरवरी 2026 को अचानक दिल्ली पहुंचे थे। इस तात्कालिक दौरे के पीछे राज्यसभा की सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को सबसे बड़ी वजह माना जा रहा था।

माना जा रहा था कि मौजूदा संख्या बल के हिसाब से महायुति को 6 सीटों पर आसानी से जीत मिल जाएगी। लेकिन अमित शाह से मुलाकात के बाद रविंद्र चव्हाण के हाथ एक नई रणनीति लगी है। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने साफ कहा है कि महायुति सिर्फ छह सीटों तक सीमित न रहे।

उन्होंने महाराष्ट्र भाजपा को सातवीं सीट के लिए भी पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार महायुति के खाते में 6 सीटें (भाजपा 4, अजित पवार गुट 1, शिंदे गुट 1) तय मानी जा रही थीं। लेकिन अब सातवीं सीट के लिए भाजपा को करीब 20 अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी।

विपक्ष में मतभेद से जागी उम्मीद

दावा किया जा रहा है कि विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी (मविआ) में चल रहे आपसी खींचतान से महायुती को उम्मीद की नई किरण नजर आ रही है। विपक्षी गठबंधन के हिस्से में मात्र एक ही सीट आने की संभावना है, लेकिन इस एक सीट पर कौन उम्मीदवार होगा, इसे लेकर कांग्रेस, उद्धव ठाकरे गुट और शरद पवार गुट के बीच सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। अमित शाह इसी उधेड़बुन का फायदा उठाकर सातवीं सीट पर कब्जा करने का दांव खेलना चाहते हैं।

25 इच्छुकों में शामिल हैं ये दिग्गज

  • महाराष्ट्र भाजपा की ओर से 4 सीटों के लिए करीब 25 दावेदारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। सूची में कई चौंकाने वाले नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।
  • प्रमुख रूप से अमरावती की पूर्व सांसद नवनीत राणा, चंद्रपुर के पूर्व सांसद और ओबीसी आयोग के पूर्व अध्यक्ष हंसराज अहीर और गडचिरोली के पूर्व सांसद अशोक नेते का नाम शीर्ष पर है।
  • तीनों नेताओं ने पक्ष की ओर से राज्यसभा भेजे जाने की पुरजोर मांग की है।

2 मार्च को हो सकती है घोषणा

दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद रविंद्र चव्हाण ने संकेत दिए थे कि उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर केंद्रीय चुनाव समिति लगाएगी। अब अमित शाह के नए आदेश के बाद यह तय माना जा रहा है कि भाजपा चार की जगह पांच उम्मीदवार उतार सकती है। इस पांचवें उम्मीदवार की लॉटरी किसके हिस्से लगती है, इसका फैसला 2 मार्च को दिल्ली में होने वाली अहम बैठक में हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com