कांग्रेस का मतलब अब 'एंटी-इंडिया'..रविंद्र चव्हाण ने पार्टी पर लगाए आरोप, कहा- राहुल गांधी ने उतारे कार्यकर्ता

Rahul Gandhi Congress Controversy: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का कांग्रेस पर बड़ा हमला। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को बताया 'एंटी-इंडिया'। तिलक भवन पर भाजयुमो का प्रदर्शन।
BJP State President Ravindra Chavan labels Congress as 'Anti-India' (AI) over protests at the AI Impact Summit.
रविंद्र चव्हाण और राहुल गांधी (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ravindra Chavan BJP: ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के माध्यम से तकनीक के क्षेत्र में विश्व नेतृत्व की ओर बढ़ते नए भारत की शक्ति का प्रदर्शन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के ‘शहजादे’ वैचारिक दिवालियापन और नकारात्मकता के कारण देश को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ जैसे विश्व के बड़े मंच पर भारत को मिल रहे सम्मान को ठेस पहुंचाने के लिए राहुल गांधी ने अपने कार्यकर्ताओं को मैदान में उतारा।

भारत की छवि को धूमिल करने का यह कृत्य निंदनीय है। राहुल गांधी के कारण कांग्रेस अब एआईAI यानी एंटी-इंडिया (भारत विरोधी) बन गई है, ऐसा आरोप भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने लगाया। उन्होंने कहा कि भारत की चहुंमुखी प्रगति कांग्रेस को असहनीय हो रही है और इसी कारण वह विकसित भारत के निर्माण में बाधाएं डालकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।

प्रयास कभी सफल नहीं होंगे - चव्हाण

हालांकि यह प्रयास कभी सफल नहीं होगा। कांग्रेस के इस कथित देशविरोधी और शर्मनाक कृत्य के विरोध में मुंबई भाजयुमो की ओर से प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो मुंबई के महामंत्री दीपक सिंह के नेतृत्व में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, तिलक भवन में विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब पूरा विश्व भारत को एआई क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में देख रहा है, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले टी-शर्ट उतारकर और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर नारेबाजी कर कार्यक्रम में अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की, जो अत्यंत निंदनीय है।

भारत की प्रगति कांग्रेस को सहन नहीं

इस दौरान भाजयुमो मुंबई के अध्यक्ष एवं नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह हरकत अत्यंत आपत्तिजनक है। भारत की प्रगति कांग्रेस को सहन नहीं हो रही, इसलिए इस प्रकार की गतिविधियों के जरिए उसने अपनी कथित देशविरोधी मानसिकता उजागर की है।

प्रधानमंत्री का अपमान कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रम और अव्यवस्था फैलाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है और देश की प्रगति व युवाओं के भविष्य पर आघात है। उन्होंने कांग्रेस से तत्काल माफी मांगने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विकास में बाधा बर्दाश्त नहीं

भाजयुमो मुंबई के महामंत्री दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते देश का ही विरोध करने लगी है। युवा भारत जागरूक हो चुका है और विकास के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एआई, तकनीक और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com