महाराष्ट्र में ऊर्जा क्रांति: रायगढ़ में NTPC के प्रोजेक्ट्स की क्षमता बढ़ी, 2600 MW बिजली से रोशन होगा राज्य

NTPC Maharashtra MoU: महाराष्ट्र सरकार और NTPC के बीच संशोधित MoU पर हस्ताक्षर। रायगढ़ के कुम्बे और अंबा प्रोजेक्ट्स की क्षमता अब 2600 MW होगी, जिससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
NTPC Maharashtra MoU
NTPC के साथ पंपड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के विकास के लिए संशोधित MoU का आदान-प्रदान करते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व अन्य (सोर्स: एक्स@CMOMaharashtra)
Published on
Updated on

Raigad Pumped Storage Project: महाराष्ट्र में अक्षय ऊर्जा और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की गरिमामयी उपस्थिति में रायगढ़ जिले में स्थित NTPC के कुम्बे (Kumbe) और अंबा (Amba) पंपड स्टोरेज हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट्स (PSP) की क्षमता बढ़ाने के लिए एक संशोधित समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस नए समझौते के बाद इन दोनों परियोजनाओं की कुल स्थापित क्षमता 1,800 MW से बढ़कर अब 2,600 MW हो जाएगी।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स (PSPs) के विकास के लिए महाराष्ट्र सरकार (जल संसाधन विभाग) और नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NTPC) के बीच एक संशोधित MoU पर हस्ताक्षर और उसके आदान-प्रदान की अध्यक्षता की।

क्षमताओं में भारी इजाफा: 800 MW की अतिरिक्त बिजली

मंत्रालय के कमेटी हॉल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान विस्तृत जानकारी साझा की गई। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) की सिफारिशों और NTPC के सर्वेक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया कि इन क्षेत्रों में बिजली उत्पादन की अधिक संभावना है।

संशोधित आंकड़ों पर एक नजर

  • अंबा प्रोजेक्ट: इसकी मूल क्षमता 800 MW थी, जिसे अब बढ़ाकर 1,500 MW कर दिया गया है (700 MW की वृद्धि)।
  • कुम्बे प्रोजेक्ट: इसकी क्षमता 1,000 MW से बढ़ाकर 1,100 MW कर दी गई है (100 MW की वृद्धि)। इस प्रकार, राज्य को अब इन दोनों प्रोजेक्ट्स से कुल 2,600 MW बिजली प्राप्त होगी।

महाराष्ट्र की नई ऊर्जा नीति और निवेश

जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कपूर और NTPC के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक ई. सत्य फणी कुमार ने आधिकारिक रूप से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से पंपड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के विकास के लिए दिसंबर 2023 में एक नीति जारी की गई थी। NTPC के साथ किया गया यह समझौता राज्य का 60वां MoU है। सरकार का अनुमान है कि इन सभी 60 समझौतों के माध्यम से प्रदेश में कुल 82,015 MW बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित होगी।

रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट

यह केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में लगभग 4.28 लाख करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है। साथ ही, इससे प्रदेश के युवाओं के लिए 1.31 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन और NTPC के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com