MAHA TET 2026 पूरी तरह ऑनलाइन होगी: IBPS कराएगा परीक्षा, 6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार
IBPS Online Exam: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (महाटेट) 2026 को पारदर्शी बनाने के लिए इसे ऑनलाइन कराने की तैयारी है। परीक्षा परिषद ने संचालन की जिम्मेदारी IBPS को सौंपने का प्रस्ताव भेजा है।
- Written By: रूपम सिंह
महाटेट ऑनलाइन परीक्षा (सोर्स-सोशल मीडिया)
Maharashtra MAHATET 2026 IBPS Online Exam: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (महाटेट) 2026 को पूरी तरह ऑनलाइन, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने की दिशा में राज्य परीक्षा परिषद ने महत्वपूर्ण पहल की है। परिषद ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सिलेक्शन (आईबीपीएस) को सौंपने के लिए आधिकारिक प्रस्ताव भेजा है। इस कदम का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय बनाना और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
आयुक्त ने भेजा आधिकारिक पत्र
राज्य परीक्षा परिषद के आयुक्त महेश चोधे के हस्ताक्षर से जारी पत्र में आईबीपीएस से परीक्षा का सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध संचालन करने का अनुरोध किया गया है। माना जा रहा है कि ऑनलाइन परीक्षा व्यवस्था लागू होने से अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत होगा और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।
6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
महाटेट 2026 की परीक्षा पहले 28 जून 2026 को आयोजित की जानी थी। इसके लिए पेपर-1 में 2,58,061 और पेपर-2 में 3,42,864 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस प्रकार कुल 6,00,925 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होने वाले थे। परीक्षा के लिए राज्यभर में 1,729 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, लेकिन बाद में परीक्षा स्थगित कर दी गई।
सम्बंधित ख़बरें
आवारा कुत्तों पर सख्ती, मुंबई में 6 महीने में बनेंगे शेल्टर होम और एबीसी सेंटर, सरकार के निर्देश
पुणे: गड्ढे में भरा था बारिश का पानी, उसी में गिर गया 2 साल का मासूम… कुछ ही देर में चली गई जान
पुणे-पिंपरी में बारिश से हाहाकार: मौसम विभाग का रेड अलर्ट, वरंधा घाट में भूस्खलन से महाड-भोर मार्ग हुआ ठप
12 घंटे के सफर में मिलेगी आरामदायक नींद; मुख्यमंत्री फडणवीस की पहल पर पुणे-नागपुर मार्ग पर चलेगी वंदे स्लीपर
साल में दो बार ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी
परीक्षा परिषद अब महाटेट को पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित करने की योजना पर काम कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर 2025 के निर्णय के अनुसार कार्यरत शिक्षकों के लिए वर्ष 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसी आवश्यकता को देखते हुए परिषद भविष्य में वर्ष में कम से कम दो बार ऑनलाइन टीईटी परीक्षा आयोजित करने की योजना बना रही है।
यह भी पढ़ें:- आवारा कुत्तों पर सख्ती, मुंबई में 6 महीने में बनेंगे शेल्टर होम और एबीसी सेंटर, सरकार के निर्देश
नई परीक्षा तिथि का इंतजार
परीक्षा परिषद ने जिलावार अभ्यर्थियों के आंकड़े और अन्य आवश्यक जानकारी आईबीपीएस को उपलब्ध करा दी है। साथ ही इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव और शिक्षा आयुक्त को भी भेजी गई है। अब राज्यभर के छह लाख से अधिक अभ्यर्थियों की निगाहें नई परीक्षा तिथि की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।
पारदर्शिता बढ़ाने पर रहेगा जोर
ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली लागू होने से परीक्षा संचालन में तकनीकी निगरानी मजबूत होने, पेपर लीक की आशंकाओं को कम करने और परिणाम प्रक्रिया को अधिक तेज एवं पारदर्शी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। अभ्यर्थियों को अब परिषद की ओर से नई परीक्षा तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जारी होने का इंतजार है।
