महाराष्ट्र में 14 लाख आवारा कुत्ते, मुंबई में 6 महीने में बनेंगे शेल्टर होम, फडणवीस सरकार ने किया ऐलान

Mahrashtra Stray Dogs: महाराष्ट्र विधानसभा में आवारा कुत्तों का मुद्दा गूंजा। मंत्री उदय सामंत ने बताया कि राज्य में 14.8 लाख आवारा कुत्ते हैं और मुंबई में 6 महीने में शेल्टर होम बनाए जाएंगे।
Maharashtra assembly discussed the stray dog menace. Minister Uday Samant announced that shelter homes will be built in Mumbai within 6 months as per SC orders.
आवारा कुत्ते (सोर्स सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Stray Dogs News In Hindi: महाराष्ट्र विधान मंडल के चल रहे मानसून सत्र में शुक्रवार को राज्य में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के अलावा इससे आम लोगों के लिए पैदा हुए खतरे के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया गया। शिवसेना शिंदे गुट के विधायक अर्जुन खोतकर ने विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र जालना में पिछले 15 दिनों में आवारा कुत्तों ने 93 लोगों को काट लिया है। इस वजह से लोगों में भय का माहौल है।

उन्होंने इस पर लगाम लगाने के लिए सरकार से गंभीरता से कदम उठाने की मांग की। इसके जवाब में उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि हमारी सरकार सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों के मुताबिक आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।

सरकार ने सभी शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों को कुत्तों की नसबंदी और रेबीज-रोधी टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि आवारा कुत्तों को केवल नगर निकायों द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही खाना खिलाया जाना चाहिए। अन्य जगहों पर कुत्तों को खाना खिलाने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है।

राज्य में 14.8 लाख आवारा कुत्ते

सामंत ने बताया कि महाराष्ट्र राज्य में आवारा कुत्तों की संख्या करीब 14,80,000 है। इनमें करीब 99,000 कुत्ते सिर्फ मुंबई में हैं। अब तक 2 लाख से अधिक कुत्तों का टीकाकरण किया जा चुका है, जबकि लगभग 1.8 लाख कुत्तों की नसबंदी की गई है।

मुंबई में बनेंगे डॉग शेल्टर और जन्म नियंत्रण केंद्र

मंत्री ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि ऐसे पीड़ित परिवार को सीएम रिलीफ फंड से मदद मुहैया कराई जाए जिन्होंने कुत्ते द्वारा काटे जाने के बाद अपने परिजनों को खो दिया है। इस चर्चा में भाग लेते हुए विधायक मुरजी पटेल, स्नेहा दुबे, अमीन पटेल, नमिता मूंदड़ा, सना मलिक और मनीषा चौधरी ने भी आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाओं को गंभीर बताया।

मंत्री सामंत ने कहा कि सुको के निर्देशों के मुताबिक अगले 6 महीने के भीतर मुंबई में कुत्तों के लिए शेल्टर हाउस बनाए जाएंगे। कुत्तों की नसबंदी के लिए पशु जन्म नियंत्रण केंद्र भी बनाए जाएंगे। राज्य सरकार ने सभी स्थानीय निकायों को सुको के निर्देशों को सख्ती से लागू करने के लिए कहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com